आज के समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर फर्जी और स्पैम अकाउंट्स की समस्या तेजी से बढ़ रही है। कई यूजर्स को यह शिकायत रहती है कि उनके फॉलोअर्स लिस्ट में अंजान या संदिग्ध अकाउंट्स जुड़े हुए हैं, जिससे न सिर्फ एंगेजमेंट प्रभावित होता है बल्कि अकाउंट की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए Instagram ने नए फीचर्स पेश किए हैं, जिनकी मदद से यूजर्स अब ऐसे फॉलोअर्स को आसानी से पहचानकर हटा सकते हैं।
स्पैम अकाउंट्स पर Instagram की सख्ती
Instagram अब ऐसे अकाउंट्स को ऑटोमैटिक पहचानकर अलग लिस्ट में दिखाता है, जिन्हें संभावित स्पैम माना जाता है। खास बात यह है कि संदिग्ध अकाउंट्स अब बिना आपकी अनुमति के आपको फॉलो नहीं कर पाएंगे, जिससे यूजर्स को अपने प्रोफाइल पर ज्यादा नियंत्रण मिलता है।
ऐसे करें संभावित स्पैम अकाउंट्स की पहचान
यूजर्स अपने प्रोफाइल में जाकर “Followers” सेक्शन में “Potential Spam” नाम की सूची देख सकते हैं। यहां उन अकाउंट्स को दिखाया जाता है, जो संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर फिल्टर किए गए हैं। यूजर चाहें तो इन अकाउंट्स को “Confirm” करके स्वीकार कर सकते हैं या “Delete” करके हटा सकते हैं।
एक साथ हटाएं सभी स्पैम फॉलोअर्स
Instagram ने यूजर्स को यह सुविधा भी दी है कि वे सभी संभावित स्पैम अकाउंट्स को एक साथ हटा सकें। इसके लिए “Remove all spam followers” विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि जिन अकाउंट्स को हटाया जाएगा, उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं मिलेगी।
स्पैम फिल्टर को ऑन/ऑफ करने का विकल्प
यूजर्स अपनी जरूरत के अनुसार स्पैम फिल्टर को ऑन या ऑफ भी कर सकते हैं। इसके लिए प्रोफाइल सेटिंग्स में जाकर “Settings and Privacy” के तहत “Followers” सेक्शन में “Filter spam followers” विकल्प को टॉगल किया जा सकता है।
मैन्युअली भी हटा सकते हैं फॉलोअर्स
अगर आपका अकाउंट प्राइवेट है, तो आप किसी भी फॉलोअर को मैन्युअली भी हटा सकते हैं। इसके लिए फॉलोअर्स लिस्ट में जाकर संबंधित व्यक्ति के सामने दिए गए “Remove” बटन पर क्लिक करना होता है। हटाए गए यूजर को इसकी कोई सूचना नहीं दी जाती।
