यदि आप भी किसी ऐसे स्मार्टफोन की तलाश में हैं जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से लैस हो और उसकी कीमत भी कम हो तो आपके लिए गुड न्यूज है। Tecno Spark Go 5G इसी हफ्ते भारत में लॉन्च होने जा रहा है। Tecno Spark Go 5G के साथ कई सारे एआई फीचर्स मिलेंगे जिनमें Google Circle to Search और Tecno's Ella AI असिस्टेंट तक शामिल हैं। ये एआई टूल अंग्रेजी समेत कई भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करेंगे। बता दें कि इसी साल जून में कंपनी ने Tecno Spark Go 2 को भारत में पेश किया है।
14 अगस्त को भारत में लॉन्च होगा Tecno Spark Go 5G
Tecno Spark Go 5G की लॉन्चिंग 14 अगस्त को भारत में दोपहर 12 बजे होगी। इसकी बिक्री अमेजन इंडिया से होगी। अमेजन पर फोन के लिए माइक्रोसाइट भी लाइव हो गई है। फोन के फीचर्स की बात करें तो माइक्रोसाइट लिस्टिंग के मुताबिक Tecno Spark Go 5G में 6000mAh की बैटरी होगी। दावा किया जा रहा है यह सबसे पतला फोन होगा। यह महज 7.99mm मोटा होगा और इसका कुल वजन 194 ग्राम होगा।
Tecno Spark Go 5G के साथ नेटवर्क कम्युनिकेशन फीचर मिलेगा जो कि Tecno's Free Link एप के जरिए काम करेगा। इस फीचर की मदद से बिना नेटवर्क भी Tecno फोन के दो यूजर्स आपसे में बातें कर सकेंगे। इसके अलावा मैसेज भी भेज सकेंगे।
Tecno Spark Go 5G में Ella AI assistant भी मिलेगा जिसके साथ हिंदी, मराठी, गुजराती, तमिल और बांग्ला जैसी भारतीय भाषाओं का सपोर्ट होगा। फोन में AI राइटिंग टूल भी मिलेंगे। आपको याद दिला दें कि Tecno Spark Go 2 की शुरुआती कीमत 6,999 रुपये है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस फोन को 10,000 रुपये से कम कीमत में पेश किया जाएगा।
