स्मार्टफोन का मार्केट सबसे ज्यादा कंपीटीशन वाला मार्केट है। हर महीने एक से बढ़कर एक स्मार्टफोन्स बाजार में दस्तक देते हैं। सभी स्मार्टफोन मेकर कंपनियां कोशिश करती हैं कि उनका स्मार्टफोन सबसे अलग और बेहतर हो। यही वजह कि स्मार्टफोन की टेक्नोलॉजी तेजी से अपग्रेड हो रही है। इस बीच एक ऐस खबर सामने आई है जिसने सबको चौंका दिया है। बाजार में बहुत जल्द एक ऐसा स्मार्टफोन लॉन्च हो सकता है जिसमें एक या दो बैटरी नहीं बल्कि तीन बैटरी मौजूद होगी।
तीन बैटरी के साथ स्मार्टफोन लॉन्च करने का यह कारना साउथ कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग की तरफ से हो सकता है। सैमसंग के Tri Fold स्मार्टफोन को लेकर पिछले काफी समय से लीक्स सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि कंपनी अपना ट्राई फोल्डेबल स्मार्टफोन 2025 में लॉन्च कर सकती है। फिलहाल अभी इसको लेकर कंपनी की तरफ से किसी भी तरह की जानकारी शेयर नहीं की गई है।
कंपनी की तरफ से हाल ही में दर्ज किए गए पेटेंट से अपकमिंग डिवाइस के बारे में कई सारी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। 3 बैटरी वाला यह स्मार्टफोन Samsung Galaxy Z Tri Fold के नाम से बाजार में एंट्री कर सकता है। इस स्मार्टफोन में G- स्टाइल में इनवर्ड फोल्डिंग मैकेनिज्म का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर सैमसंग ऐसा स्मार्टफोन लॉन्च करता है तो यह पहला स्मार्टफोन होगा जिसमें 3 बैटरी मौजूद होंगी। वहीं सैमसंग की इस सक्सेस के बाद एप्पल-गूगल की भी टेंशन बढ़ने वाली है।
पेटेंट से हुआ बड़ा खुलासा
आपको बता दें कि Samsung Galaxy Z Tri Fold का पेटेंट KIPRIS (Korea Intellectual Property Rights Information Service) पर स्पॉट किया गया है। पेटेंट के ड्राइंग्स बाहरी तौर पर केपनी के Galaxy Z Fold 7 की तरह लगते हैं लेकिन इसके अंदर की बनावट पूरी तरह से अलग है। स्मार्टफोन में तीन बैटरी का इस्तेमाल होगा। इस स्मार्टफोन में सभी पैनल के लिए इंडिविजुअल बैटरी का इस्तेमाल किया जाएगा। फोन की तीनों बैटरियां रिबन केबल्स से कनेक्टेड रहेंगी।
लीक्स की मानें तो पहली बैटरी से तीसरी बैटरी की साइज बढ़ती जाएगी जिससे कुल बैटरी क्षमता मार्केट में मौजूद दूसरे फोल्डेबल स्मार्टफोन्स की तुलना में कहीं अधिक होने की संभावना है। कैमरे वाले पैनल में सबसे छोटी होगी जबकि वहीं तीसरे पैनल में यूजर्स को सबसे बड़ी बैटरी मिलेगी। फिलहाल पेटेंट में इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि बैटरी कितने कैपेसिटी वाली होंगी। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें Galaxy Z Fold 7 में मिलने वाली 4400mAh से बड़ी बैटरी दी जा सकती है।
ट्राई फोल्डेबल स्मार्टफोन के संभावित फीचर्स
सैमसंग के अपकमिंग ट्राई फोल्ड स्मार्टफोन को लेकर पिछले कई महीनों से बातचीत चल रही है। इसको लेकर कई लीक्स भी सामने आ चुकी हैं। परफॉर्मेंस के लिए इस स्मार्टफोन में कंपनी Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर दे सकती है। इसके साथ ही इसमें ट्राई फोल्डेबल स्मार्टफोन में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। लीक्स की मानें तो यह स्मार्टफोन भी 200 मेगापिक्सल सेंसर से लैस हो सकता है। इसमें कंपनी 1TB तक की बड़ी स्टोरेज का ऑप्शन दे सकती है।
