Samsung ने लंदन में हुए Galaxy Unpacked 2026 इवेंट में अपने पहले Samsung Intelligent Eyewear यानी AI स्मार्ट ग्लास पेश किए हैं। कंपनी ने AR (ऑगमेंटेड रियलिटी) ग्लास बनाने की बजाय ऐसे हल्के स्मार्ट ग्लास तैयार किए हैं, जो देखने और पहनने में बिल्कुल आम चश्मे जैसे लगते हैं। ये ग्लास स्मार्टफोन के साथ मिलकर काम करते हैं और इनमें Google Gemini, Samsung Bixby और Android XR का सपोर्ट मिलता है। Samsung ने इन्हें Google, Qualcomm, Gentle Monster और Warby Parker के साथ मिलकर तैयार किया है।
Samsung का कहना है कि इन स्मार्ट ग्लास का डिजाइन ऐसा रखा गया है कि इन्हें रोजमर्रा में आसानी से पहना जा सके। इनका फ्रेम हल्का और पतला है, जिससे लंबे समय तक पहनने में भी दिक्कत नहीं होगी। Gentle Monster और Warby Parker के साथ पार्टनरशिप की वजह से यूजर्स को अलग-अलग फ्रेम, रंग और लेंस के कई विकल्प भी मिलेंगे।
Gemini और Bixby से मिलेगा AI का साथ
Samsung Intelligent Eyewear Android XR प्लेटफॉर्म पर चलते हैं और इनमें Qualcomm का Snapdragon AR1 Gen 1 प्रोसेसर दिया गया है। ये स्मार्ट ग्लास Google Gemini और Samsung Bixby दोनों को सपोर्ट करते हैं। यानी यूजर सिर्फ अपनी आवाज़ से AI से सवाल पूछ सकते हैं और कई काम बिना फोन निकाले कर सकते हैं।
क्या-क्या कर पाएंगे ये स्मार्ट ग्लास?
इन AI स्मार्ट ग्लास की मदद से यूजर सामने दिख रही चीज़ों के बारे में जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा लाइव भाषा अनुवाद, रास्ता बताने के लिए टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, आने वाले मैसेज का सारांश और रोज़मर्रा के कई कामों में AI की मदद भी मिलेगी।
इनमें लगा कैमरा आसपास की चीजो को पहचान सकता है और Gemini रियल टाइम में ज़रूरी जानकारी दिखा सकता है। अगर ये ग्लास Galaxy Watch9 के साथ कनेक्ट हों, तो हाथ के आसान इशारों से भी इन्हें कंट्रोल किया जा सकता है।
कैमरा, स्पीकर और दमदार बैटरी
Samsung ने इन ग्लास में कैमरा, कई माइक्रोफोन और ओपन-ईयर स्पीकर दिए हैं। कैमरा चालू होने पर सामने मौजूद लोगों को जानकारी देने के लिए LED रिकॉर्डिंग इंडिकेटर भी लगाया गया है। इसके अलावा फ्रेम पर एक्शन बटन और पावर स्विच जैसे फिजिकल कंट्रोल भी दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर ये स्मार्ट ग्लास करीब 9 घंटे तक चल सकते हैं। इनके साथ मिलने वाला चार्जिंग केस इन्हें 7 बार तक दोबारा चार्ज करने की क्षमता रखता है।
कब होंगे लॉन्च और क्या होगी कीमत?
Samsung ने बताया है कि Samsung Intelligent Eyewear इस साल के आखिर तक चुनिंदा देशों में लॉन्च किए जाएंगे। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं किया है। भारत में ये स्मार्ट ग्लास आएंगे या नहीं, इस बारे में भी फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
