PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सेवा लॉन्च की है। इसकी मदद से यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी UPI के जरिए पैसे भेज और प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है या जिन क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट की सुविधा भरोसेमंद नहीं है।
इन फीचर फोन में मिलेगी सुविधा
PhonePe के मुताबिक, UPI 123Pay की शुरुआत फिलहाल चुनिंदा डिवाइस पर की जा रही है। इनमें Nokia, HMD, Lava International और Itel Mobile के कुछ फीचर फोन शामिल हैं। कंपनी आने वाले समय में इस सुविधा को और ज्यादा हैंडसेट निर्माताओं तक पहुंचाने की योजना बना रही है।
2G नेटवर्क पर भी कर सकेंगे UPI पेमेंट
PhonePe की UPI 123Pay सेवा SMS आधारित आर्किटेक्चर पर काम करती है। इसका मतलब है कि पेमेंट के लिए स्मार्टफोन या मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। यह सेवा सीमित 2G कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में भी काम करने के लिए डिजाइन की गई है।
यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए दूसरे व्यक्ति को पैसे भेज सकते हैं। मर्चेंट पेमेंट के लिए UPI ID का इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ कैमरा वाले फीचर फोन में QR कोड स्कैन करके भी पेमेंट करने का विकल्प मिल सकता है। इसके अलावा यूजर्स अपने बैंक अकाउंट का बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी चेक कर सकेंगे।
फीचर फोन में PhonePe UPI 123Pay कैसे रजिस्टर करें?
इस सेवा को एक्टिवेट करने के लिए स्मार्टफोन या इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं है।
- समर्थित फीचर फोन में यूजर्स को पहले से इंस्टॉल PhonePe ऐप खोलना होगा।
- इसके बाद नियम और शर्तों को स्वीकार करके डिवाइस रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा।
- इसके बाद लिस्ट में अपने बैंक का चयन करना होगा।
- फिर डेबिट कार्ड के आखिरी छह अंक और कार्ड की एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी।
- इसके बाद यूजर को अपना UPI PIN सेट करना होगा।
- प्रक्रिया पूरी होने के बाद UPI ID एक्टिव हो जाएगी और पेमेंट किया जा सकेगा।
फीचर फोन से UPI पेमेंट कैसे करें?
पेमेंट करने के लिए PhonePe ऐप खोलकर उपलब्ध पेमेंट विकल्प का चयन करना होगा। इसमें मोबाइल नंबर, UPI ID, कॉन्टैक्ट बुक और सपोर्टेड कैमरा वाले फीचर फोन में Scan and Pay का विकल्प शामिल हो सकता है।
मोबाइल नंबर या UPI ID से पेमेंट करने के लिए पहले Pay to Mobile Number/Pay to UPI ID विकल्प चुनना होगा। इसके बाद रिसीवर का मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज करनी होगी। रिसीवर की जानकारी वेरिफाई करने के बाद रकम डालनी होगी और UPI PIN दर्ज करके ट्रांजैक्शन कन्फर्म करना होगा। पेमेंट पूरा होने के बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले कन्फर्मेशन को चेक किया जा सकता है।
12 भारतीय भाषाओं में मिलेगी मदद
PhonePe ने यूजर्स की सहायता के लिए वॉयस-बेस्ड हेल्पलाइन भी शुरू की है। इसके जरिए यूजर्स सेवा को एक्टिवेट करने और UPI से जुड़े सामान्य सवालों में मदद ले सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, हेल्पलाइन अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करती है।
आगे जुड़ेंगे बिल पेमेंट और रिचार्ज
फिलहाल सेवा के जरिए मुख्य रूप से UPI ट्रांजैक्शन, बैंक बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। PhonePe ने कहा है कि आने वाले अपडेट में बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और आधार आधारित UPI ऑनबोर्डिंग जैसी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
