त्योहारी सीजन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। यहां दिल्ली मेट्रो के जामा मस्जिद स्टेशन पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक संदिग्ध यात्री को पकड़ा है। ये कार्रवाई तब की गई जब बैगेज की जांच के दौरान एक्स-रे मशीन में उसके बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जिसके बाद बौखलाए यात्री ने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देककर भागने की कोशिश की, जिस पर CISF के जवानों ने पीछा कर उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया।
एक्स-रे मशीन में दिखी संदिग्ध वस्तु
जानकारी के मुताबिक, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर नियमित बैगेज चेकिंग के दौरान एक यात्री के बैग में एक्स-रे मशीन में एक संदिग्ध घनी वस्तु दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने यात्री की जांच शुरू की। इसी दौरान यात्री ने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क CISF जवानों ने उसका पीछा किया और स्टेशन के एग्जिट गेट के पास उसे पकड़ लिया।
अंडरगारमेंट के सिले हिस्से से मिली संदिग्ध वस्तु
वहीं, यात्री की तलाशी के दौरान उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में अज्ञात पदार्थ बरामद हुआ। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद पदार्थ क्या है और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।CISF ने संदिग्ध यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया है। वहीं, पूछताछ के दौरान यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला NRI बताया है।
