यदि आपका फोन अगले एक दो दिन या फिर आज ही अचानक से जोर-जोर से बजने लगे तो आपको घबराना नहीं है, क्योंकि दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) मिलकर देशभर में “Cell Broadcast System” का ट्रायल कर रहे हैं। इस दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में टेस्ट मैसेज आ सकते हैं, जिन्हें लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह सिर्फ एक मॉक (ड्रिल) है।
क्या है Cell Broadcast System?
Cell Broadcast (CB) एक ऐसी तकनीक है, जिसके जरिए किसी खास भौगोलिक क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट भेजा जा सकता है। यह सिस्टम आपदा या आपात स्थिति जैसे भूकंप, सुनामी, बिजली गिरने या गैस रिसाव जैसी घटनाओं में तुरंत सूचना देने के लिए बेहद कारगर साबित होगा। इससे अलर्ट लगभग रियल-टाइम में लोगों तक पहुंच पाएगा, हालांकि यह अलर्ट पहली बार नहीं भेजा रहा है। इससे पहले भी इसकी टेस्टिंग हो चुकी है।
SACHET सिस्टम की अहम भूमिका
NDMA ने सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) द्वारा विकसित “SACHET” नामक इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम को पहले ही लागू कर दिया है। यह सिस्टम अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ द्वारा सुझाए गए सामान्य चेतावनी प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है। फिलहाल यह देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय है और अब तक 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में 134 अरब से ज्यादा SMS अलर्ट भेज चुका है।
SMS के साथ CB तकनीक का विस्तार
अब इस सिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए SMS के साथ-साथ Cell Broadcast तकनीक को भी जोड़ा जा रहा है। इससे समय-संवेदनशील स्थितियों में सूचना तेजी से और अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंच सकेगी।

Cell Broadcast System
यूजर्स के लिए जरूरी जानकारी
टेस्टिंग के दौरान मोबाइल यूजर्स को कई बार अलर्ट मैसेज मिल सकते हैं। ये मैसेज केवल उन डिवाइसेज पर आएंगे जिनमें Cell Broadcast टेस्ट चैनल ऑन होगा। यूजर्स अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर “Safety and Emergency” सेक्शन के तहत इन अलर्ट्स को ऑन या ऑफ कर सकते हैं।
अलर्ट में क्या होगा?
"यह एक टेस्ट सेल ब्रॉडकास्ट संदेश है, जिसे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने दूरसंचार विभाग (DoT), भारत सरकार के साथ मिलकर सेल ब्रॉडकास्ट समाधान के परीक्षण के तहत भेजा है। परीक्षण के दौरान आपको यह संदेश अपने मोबाइल पर कई बार प्राप्त हो सकता है। कृपया इन संदेशों को अनदेखा करें, आपकी ओर से कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है।"
घबराने की जरूरत नहीं
सरकार ने साफ किया है कि यह केवल सिस्टम की जांच के लिए किया जा रहा है। इसलिए यदि आपके फोन पर ऐसा कोई मैसेज आए, तो किसी भी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। यह पहल भविष्य में आपदाओं के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
