ओपनएआई ने एआई चैटबॉट में जोड़ा नया फीचर।(फोटो क्रेडिट-Digit)
ChatGPT एक पॉपुलर एआई चैटबॉट है। ओपनएआई ने जब से इसे लॉन्च किया है तब से कंपनी यूजर्स की सहूलियत के लिए इसे अपग्रेड कर रही है। इतना ही नहीं लॉन्च के बाद से अब तक इसमें कई सारे तगड़े फीचर्स जोड़े गए हैं। OpenAI ने अब टीचर्स की सहूलियत के लिए चैटबॉट में एक नया फीचर जोड़ा है जिसका नाम ChatGPT For Teachers है। कंपनी ने इसे अध्यापकों और स्कूल प्रशासन की सहूलियत को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है।
ChatGPT For Teachers एक ऐसा एआई टूल है जो टीचर्स के कई बड़े काम आसान करने वाला है। यह प्लेटफॉर्म क्लासरूम की तैयारी, कॉलोब्रेशन और एआई को सपोर्ट करता है। इस टूल की मदद से स्कूल के लिए जरूरी प्राइवेसी को भी बरकरार रखा जाता है। ChatGPT के नए एआई टूल का पूरा मकसद शिक्षक को एक सुरक्षित, पर्सनल और आसान एआई प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा कर पढ़ाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाना है।
आपको बता दें कि ChatGPT आने के बाद स्कूली बच्चों की तरफ से इसके इस्तेमाल को लेकर लगातार बहस होती रही है। स्कूल के बच्चों पर चैटजीपीटी के जरिए नकल करने, इसके गलत इस्तेमाल करने और एक लिमिट से ज्यादा इस पर निर्भर होने के आरोप लगते रहे हैं। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए अब OpenAI ने ऐसा सुरक्षित टूल लॉन्च किया है जिससे शिक्षक AI का सही और सुरक्षित इस्तेमाल करें और बच्चों को भी इसके इस्तेमाल का सही तरीका समझा सकें।
आपको बता दें कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI यह प्लेटफॉर्म अभी अमेरिका के K-12 (स्कूल स्तर) के सभी शिक्षकों को जून 2027 तक बिल्कुल मुफ्त दे रहा है। शुरुआत में इसे लगभग 1.5 लाख शिक्षकों वाले कुछ चुनिंदा जिलों में शुरू किया गया है। अमेरिका का कोई भी शिक्षक SheerID के जरिए अपनी पहचान की पुष्टि करके इस नए प्लेटफॉर्म को इस्तेमाल कर सकता है। कंपनी ने यह भी कहा है कि शिक्षक प्लेटफॉर्म में जो भी डेटा डालेंगे, उसे मॉडल को ट्रेन करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यह बात स्कूलों की सबसे बड़ी चिंता—डेटा प्राइवेसी—को दूर करती है।
OpenAI ने अपने नए ChatGPT for Teachers एआई टूल में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो आम यूजर्स को नहीं मिलते। इसमें GPT-5.1 Auto, ज्यादा उपयोग सीमा, वेब सर्च, फाइल अपलोड, इमेज बनाने की सुविधा, और Google Drive, Microsoft 365 व Canva जैसे ऐप्स को जोड़ने का ऑप्शन शामिल है। यह सिस्टम इस बात को भी याद रखता है कि शिक्षक कौन-सा विषय पढ़ाते हैं, कौन-सा ग्रेड है और उनकी ज़रूरतें क्या हैं। इसके आधार पर यह उनके लिए तैयार लेसन प्लान भी बना सकता है।
इस एआई टूल में मिलने वाले सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो यह FERPA नियमों का पालन करता है, जिससे छात्रों की जानकारी सुरक्षित रहती है। स्कूलों को डोमेन कंट्रोल और SAML SSO जैसे एडमिन फीचर्स भी मिलते हैं। इसके अलावा, शिक्षक अपने कस्टम GPT बना सकते हैं और उन्हें दूसरे शिक्षकों के साथ शेयर कर सकते हैं, ताकि सब मिलकर एक बेहतर शिक्षा प्रणाली तैयार कर सकें।
ChatGPT for Teachers टूल में आप करिकुलम रेफरेंस और जवाब देने की शैली जैसी अपनी पसंद सेट कर सकते हैं। इससे सिस्टम आपके क्लासरूम के माहौल के हिसाब से बेहतर आउटपुट तैयार कर पाता है, और आपको अपने सेव किए गए डेटा पर पूरा नियंत्रण भी मिलता है। इसके अलावा, यह टूल वर्कस्पेस प्रेज़ेंटेशन के लिए Canva से जुड़ता है और गूगल ड्राइव व माइक्रोसॉफ्ट 365 से डॉक्यूमेंट और अन्य संसाधन आसानी से इंपोर्ट करने की सुविधा देता है।
यह भी पढ़ें- 365 दिन तक Airtel का सिम रहेगा एक्टिव, कंपनी लाई अनलिमिटेड कॉलिंग वाला सस्ता प्लान