टेक एंड गैजेट्स

OpenAI ChatGPT Work : सिर्फ बातें नहीं... रिपोर्ट लिखने से वेबसाइट बनाने तक पूरा काम करेगा AI

चैट जीपीटी अब सिर्फ आपके सवालों का जवाब नहीं देगा। बल्कि, OpenAI का ChatGPT Workआपके ऑफिस के किसी सहकर्मी की तरह रिपोर्ट बनाने से कोडिंग और वेबसाइट बनाने तक पूरा काम करेगा।

Image

डिजिटल कोवर्कर की तरह काम करेगा चैट जीपीटी

OpenAI ChatGPT Work : ज्यादातर लोग ChatGPT सहित तमाम AI मॉडल्स का इस्तेमाल सर्च इंजन की तरह सवालों के जवाब जानने के लिए करते हैं। लेकिन, OpenAI ने ChatGPT Work पेश किया है। यह मॉडल अब तमाम दफ्तरों का पूरा माहौल बदल सकता है। क्योंकि, यह AI एजेंट सिर्फ जवाब नहीं देगा, बल्कि आपके लिए रिपोर्ट तैयार करेगा, प्रेजेंटेशन बनाएगा, वेबसाइट बनाएगा और लंबे प्रोजेक्ट पर घंटों तक लगातार काम भी करेगा।

डिजिटल सहकर्मी की तरह करेगा काम

OpenAI ने गुरुवार को ChatGPT Work नाम का नया AI Agent पेश किया। यह कंपनी के नए GPT-5.6 मॉडल पर आधारित है। कंपनी का दावा है कि यह अलग-अलग ऐप, फाइल और वर्कफ्लो से जानकारी जुटाकर उसे समझ सकता है और उसके आधार पर पूरा काम तैयार कर सकता है। यानी यूजर को सिर्फ यह बताना होगा कि उसे क्या चाहिए। इसके बाद ChatGPT Work खुद जरूरी जानकारी इकट्ठा करेगा, उसका विश्लेषण करेगा और तैयार दस्तावेज, स्प्रेडशीट, प्रेजेंटेशन, रिपोर्ट या वेबसाइट बनाकर देगा।

घंटों तक लगातार कर सकेगा जटिल काम

OpenAI के मुताबिक, ChatGPT Work को ऐसे कामों के लिए तैयार किया गया है जिनमें कई चरण होते हैं और जिन्हें पूरा करने में इंसानों को काफी समय लगता है। यह एआई एजेंट घंटों तक लगातार काम कर सकता है और बीच-बीच में यूजर के निर्देशों के आधार पर अपने काम में बदलाव भी कर सकता है। कंपनी का कहना है कि इसका मकसद सिर्फ जवाब देना नहीं, बल्कि किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए शुरुआत से आखिर तक काम करना है।

वेबसाइट बनाना भी होगा आसान

OpenAI ने ChatGPT Work के साथ Hosted Websites फीचर भी लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर ChatGPT के जरिए वेबसाइट तैयार कर सकते हैं और उसे सीधे शेयर भी कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने नया ChatGPT Desktop App भी पेश किया है, जिससे कंप्यूटर पर एआई का इस्तेमाल पहले से ज्यादा आसान और तेज होने की उम्मीद है।

AI Agent की दौड़ में बढ़ी प्रतिस्पर्धा

वर्कप्लेस एआई के बाजार में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। इससे पहले Anthropic ने Claude Cowork लॉन्च किया था, जो कई चरणों वाले काम अपने आप पूरा कर सकता है। वहीं OpenAI में निवेश करने वाली Microsoft भी Copilot Cowork के जरिए एंटरप्राइज एआई बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। ऐसे में ChatGPT Work को OpenAI की सबसे बड़ी एंटरप्राइज एआई पेशकश माना जा रहा है। यह ऐसे समय आया है जब दुनियाभर की कंपनियां ऐसे एआई टूल्स की तलाश में हैं जो इंसानी दखल कम करके ज्यादा काम कर सकें।

पहले किन यूजर्स को मिलेगा?

OpenAI ने बताया कि ChatGPT Work की शुरुआत गुरुवार से वेब और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर की जा रही है। सबसे पहले यह Pro, Enterprise और Edu यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। इसके बाद अगले कुछ दिनों में इसे Plus और Business यूजर्स तक भी पहुंचाया जाएगा। OpenAI फिलहाल अपने प्रस्तावित आईपीओ की तैयारियों में भी जुटा है। ऐसे में ChatGPT Work का लॉन्च कंपनी की एंटरप्राइज रणनीति और कारोबार, दोनों के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article