Online Scam: भारत में अब ऑनलाइन टास्क स्कैम्स का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। हाल ही में पुणे से एक मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने जल्दी पैसे कमाने के चक्कर में 11.5 लाख रुपये गंवा दिए। शुरुआत में उसे छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर पैसे मिले, जिससे उसका भरोसा बढ़ा। लेकिन बाद में स्कैमर्स ने उसे मर्चेंट टास्क के नाम पर पैसे जमा करवाए और फिर ठगी कर ली। चलिए जानते हैं पूरा मामला।
ऐसे शुरू हुआ स्कैम का खेल
पुणे के शुक्रवार पेठ इलाके में सेकंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करने वाले व्यक्ति को एक मैसेज मिला, जिसमें ₹150 कमाने का ऑफर था। उसने टास्क पूरा किया और तुरंत पैसे मिल गए। इसके बाद उसे एक मैसेजिंग ऐप के ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उसे लगातार टास्क मिलते रहे और हर बार समय पर भुगतान होता रहा।
लालच में आकर गंवाए लाखों
कुछ समय बाद उसे बताया गया कि “मर्चेंट टास्क” से ज्यादा कमाई हो सकती है, लेकिन इसके लिए पहले पैसे जमा करने होंगे। व्यक्ति ने अलग-अलग अकाउंट में पैसे भेजे और जब कमाई निकालनी चाही, तो स्कैमर्स ने बहाने बनाकर और पैसे मांगे। दो दिनों में उसने ₹11.5 लाख रुपये गंवा दिए।
कैसे बचें ऐसे ऑनलाइन स्कैम से
इस घटना से यह साफ है कि जल्दी कमाई का लालच भारी पड़ सकता है। ऐसे ऑफर्स से सावधान रहें जो बहुत अच्छे लगते हैं। अनजान लोगों से बैंक या निजी जानकारी शेयर न करें और किसी भी संदिग्ध ग्रुप में शामिल न हों। अगर कोई संदेह हो तो तुरंत साइबर पुलिस से संपर्क करें।
