टेक एंड गैजेट्स

Online Gaming: ऑनलाइन गेमिंग पर सख्त हुई सरकार, देश में लागू हो रहे हैं नए नियम

इन नियमों के जरिए सरकार ने साफ कर दिया है कि अब ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर “नो-रूल्स” वाला नहीं रहेगा, बल्कि एक मजबूत कानूनी ढांचे में काम करेगा। यह नियम Promotion and Regulation of Online Gaming Act, 2025 के तहत बनाए गए हैं।

Image

नए नियमों के लागू होने के बाद गेमिंग सेक्टर में बढ़ेगी पारदर्शिता।

Online Gaming Guidelines: डिजिटल इंडिया के तेजी से बढ़ते दौर में अब ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर को लेकर सरकार ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे Promotion and Regulation of Online Gaming Rules, 2026 एक मई 2026 से प्रभावी हो जाएंगे। ये नियम न सिर्फ गेमिंग इंडस्ट्री को व्यवस्थित करेंगे, बल्कि करोड़ों यूजर्स को सुरक्षित डिजिटल माहौल भी देंगे।

क्या है बड़ा बदलाव?

इन नियमों के जरिए सरकार ने साफ कर दिया है कि अब ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर “नो-रूल्स” वाला नहीं रहेगा, बल्कि एक मजबूत कानूनी ढांचे में काम करेगा। यह नियम Promotion and Regulation of Online Gaming Act, 2025 के तहत बनाए गए हैं, जिसका मकसद है- सुरक्षित गेमिंग, यूजर्स की सुरक्षा और साथ ही इंडस्ट्री की ग्रोथ है। सबसे बड़ा फैसला यह है कि ऑनलाइन मनी गेम्स (पैसे लगाकर खेले जाने वाले गेम) पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

गेमिंग सेक्टर कितना बड़ा?

भारत का ऑनलाइन गेमिंग बाजार तेजी से बढ़ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में ऑनलाइन गेमिंग का कारोबार लगभग 232 अरब रुपये तक पहुंच गया था और 2027 तक इसके 316 अरब रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बाजार की करीब 77 प्रतिशत कमाई ट्रांजैक्शन बेस्ड गेम्स से आती है। हालांकि, इसके साथ ही जोखिम और नुकसान भी बढ़ते जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 45 करोड़ लोग इससे प्रभावित हुए हैं और अब तक 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान दर्ज किया गया है। बढ़ते इन खतरों को देखते हुए सरकार ने इस क्षेत्र पर सख्त नियामकीय कदम उठाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।

गेम्स को 3 हिस्सों में बांटा गया

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सरकार की तरफ से लाए गए नए नियमों के तहत गेमिंग को तीन अलग-अलग कैटेगरी में रखा है।

E-sports

  • प्रोफेशनल और प्रतिस्पर्धी गेमिंग
  • स्किल और रणनीति पर आधारित

Online Social Games

  • मनोरंजन और सीखने के लिए
  • आमतौर पर सुरक्षित

Online Money Games

पैसे लगाकर खेले जाने वाले गेम पूरी तरह से होंगे बैन

कड़े कानून और सजा

सरकार ने इस सेक्टर में सख्ती दिखाते हुए भारी सजा का प्रावधान किया है। अगर ऑनलाइन पेड गेमिंग के नियमों का बार बार उल्ल्ंघन करता है तो उस पर 3 साल तक की सजा या 1 करोड़ तक का जुर्माना लग सकता है। ऑनलाइन पेड गेमिंग विज्ञापन पर 5 साल तक की जेल और 2 करोड़ तक के जुर्मानें का प्रावधान किया गया है। सरकार ने बैंकों और पेमेंट सिस्टम को भी इस तरह के गेम्स से जुड़े लेन देन को रोकने के निर्देश दिए हैं।

बनेगा नया रेगुलेटर

सरकार ने Online Gaming Authority of India बनाने का फैसला किया है। इसका मुख्यालय राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होगा। इसमें अलग-अलग मंत्रालयों के अधिकारी शामिल होंगे।

यूजर्स की सुरक्षा पर खास फोकस

ऑनलाइन गेमिंग के लिए लागू हो रहे नए नियमों में यूजर्स के लिए कई सुरक्षा उपायों को भी अनिवार्य किया गया है। इसमें Age verification (उम्र की जांच), Parental control, Time limit, शिकायत दर्ज करने की सुविधा, काउंसलिंग सपोर्ट शामिल किया गया है। आपको बता दें कि नए नियमों के तहत किसी गेम को मनी गेम या सुरक्षित गेम घोषित करने के लिए 90 दिन का समय होगा इसके साथ ही शिकायतों का निपटारा भी तय समय में होगा।

देश और युवाओं को क्या फायदा?

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर लागू हुए नए नियमों का बड़ा असर देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा असर लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन गेमिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी जिससे लोगों का भरोसा इस सेक्टर में बढ़ेगा जिसका फायदा रोजगार के अवसर में होगा। गेमिंग सेक्टर में नए जॉब्स का दायरा बढ़ेगा और साथ ही भारत ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में भी मजबूत स्थिति में पहुंचेगा। नए नियमों के लागू होने के बाद ई-स्पोर्ट्स में करियर बनाने के मौके भी बढ़ेंगे।

परिवारों को राहत

1 मई 2026 से लागू होने वाले ये नियम भारत के ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर को पूरी तरह बदल देंगे। जहां एक तरफ इंडस्ट्री को नई दिशा मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ यूजर्स को सुरक्षा और भरोसा मिलेगा। साफ है कि अब गेमिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और नियमों के साथ आगे बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें- 'मेक इन इंडिया' iPhone ने बनाया नया रिकॉर्ड, FY26 में 2 लाख करोड़ के पार पहुंचा एक्सपोर्ट

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article