स्मार्टफोन ब्रांड OnePlus अपने अगले फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 16 5G को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने चीन में इस फोन की लॉन्च डेट की पुष्टि कर दी है। इसमें दमदार प्रोसेसर, हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग टेक्नोलॉजी और 200MP का मेन कैमरा मिलने की बात कही गई है। कंपनी का दावा है कि यह फोन लंबे समय तक 185fps पर गेमिंग को सपोर्ट कर सकेगा। हालांकि, भारतीय ग्राहकों के लिए इस फोन को लेकर निराशाजनक खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, OnePlus 16 को भारत में लॉन्च नहीं किया जा सकता है।
12 अक्टूबर को चीन में लॉन्च होगा OnePlus 16
OnePlus China के प्रेसिडेंट Li Jie Louis ने OnePlus Gaming Conference 2026 के दौरान OnePlus 16 5G की लॉन्च डेट की पुष्टि की है। यह स्मार्टफोन 12 अक्टूबर 2026 को चीन में लॉन्च होगा। कंपनी ने इससे पहले भी फोन की गेमिंग टेक्नोलॉजी को लेकर जानकारी दी थी। अब लॉन्च से पहले इसके गेमिंग फीचर्स पर खास जोर दिया जा रहा है।
Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर की मिलेगी ताकत
OnePlus 16 में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। इसे 2nm प्रोसेस पर तैयार किया गया है। फोन में Android 17 पर आधारित ColorOS 17 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलेगा। कंपनी इसे अपनी अब तक की सबसे संपूर्ण फ्लैगशिप डिवाइस में से एक के तौर पर पेश करने की तैयारी कर रही है।
185fps पर गेमिंग कर सकेगा फोन
OnePlus 16 में नई पीढ़ी का Fengchi Gaming Kernel दिया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, यह टेक्नोलॉजी फोन के अलग-अलग हार्डवेयर संसाधनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद करेगी। इसकी मदद से फोन लंबे समय तक 185fps पर गेमिंग को सपोर्ट कर सकेगा।
कंपनी ने फोन में एक नया थ्री-चिप ई-स्पोर्ट्स सिस्टम भी विकसित किया है। यह टच रिस्पॉन्स, नेटवर्किंग और डिस्प्ले से जुड़े प्रोसेसिंग कार्यों को संभालेगा। OnePlus का दावा है कि इससे नेटवर्क कनेक्टिविटी की स्थिरता, गेमिंग के दौरान विजुअल क्लैरिटी और टच रिस्पॉन्स में सुधार होगा।
इन गेम्स को मिलेगा 185fps का सपोर्ट
कंपनी ने कुछ गेम्स के नाम भी बताए हैं, जिन्हें OnePlus 16 पर लंबे समय तक 185fps पर चलाया जा सकेगा। इनमें Arena Breakout, Peace Elite, Nizhan: Future और Naruto Mobile जैसे गेम शामिल हैं। हालांकि, अलग-अलग गेम में वास्तविक फ्रेम रेट गेम की सेटिंग और सपोर्ट पर निर्भर कर सकता है।
200MP कैमरा और 50MP पेरिस्कोप सेंसर
कैमरा के मामले में भी OnePlus 16 में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फोन में 200MP का मेन कैमरा सेंसर दिया जाएगा। इसके साथ 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो सेंसर भी मिलेगा। इसके अलावा फोन में अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा भी दिया जाएगा। कंपनी ने अभी कैमरा के बाकी फीचर्स और सेंसर से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
भारत में लॉन्च होने की उम्मीद कम
OnePlus 16 5G को भारत में लॉन्च किए जाने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, मेमोरी कंपोनेंट की बढ़ती कीमतों के कारण कंपनी भारत में इस फ्लैगशिप फोन को पेश करने से पीछे हट सकती है। महंगे कंपोनेंट के चलते फोन की कीमत काफी ज्यादा हो सकती है, जिससे बिक्री पर असर पड़ने की आशंका है।
इसी वजह से OnePlus और iQOO जैसी कंपनियों के भारत में अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च नहीं करने की चर्चा है। इसके बजाय OnePlus भारत में OnePlus 16R 5G को 2026 का अपना प्रमुख स्मार्टफोन बना सकती है। हालांकि, भारत में OnePlus 16 की लॉन्चिंग को लेकर कंपनी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
