भारतीय इलेक्ट्रानिक्स कंपनी मिवी ने अपने नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ईयरफोन Mivi AI Buds को लॉन्च कर दिया है। इन बड्स की खास बात यह है कि यह सिर्फ म्यूजिक सुनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आपसे बात भी कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि ये बड्स “इंसानों जैसे संवाद” करने में सक्षम हैं और खासतौर पर भारतीय यूजर्स के लिए डिजाइन किए गए हैं। चलिए जानते हैं इनकी कीमत और अन्य स्पेसिफिकेशन के बारे में...
कितनी है कीमत
Mivi AI Buds की कीमत ₹6,999 रखी गई है, लेकिन Mivi की वेबसाइट पर ये ₹5,999 में उपलब्ध हैं। ये बड्स ब्लैक, ब्रॉन्ज, शैम्पेन और सिल्वर कलर में मिलेंगे। खरीदारी फ्लिपकार्ट और Mivi वेबसाइट से की जा सकती है।
AI Buds की खासियत
इन बड्स में Mivi AI नाम का वॉयस असिस्टेंट है, जो आपकी बातों को न सिर्फ सुनता और समझता है, बल्कि पहले की बातों को याद भी रखता है। मतलब आप लगातार बातचीत कर सकते हैं और ये आपकी आदतें सीखता है। AI असिस्टेंट को एक्टिव करने के लिए आपको “Hi Mivi” कहना होता है। ये फीचर Mivi की ऐप के जरिए काम करता है, जहां आप चाहे तो टेक्स्ट में भी बातचीत कर सकते हैं।
Mivi AI में पांच अलग-अलग अवतार हैं- Guru (ज्ञान के लिए), Chef (रेसिपी गाइड), Interviewer (इंटरव्यू प्रैक्टिस), Wellness Coach (मेंटल सपोर्ट) और News Reporter (लेटेस्ट खबरों के लिए)।
13mm ड्राइवर, 3D साउंड और ANC का मिलता है सपोर्ट
कंपनी का कहना है कि ये Buds हिंदी, तमिल, तेलुगू, गुजराती, बंगाली, कन्नड़, मराठी और मलयालम जैसी भाषाओं को बिना सेटिंग बदले समझ सकते हैं- यानी बातचीत पूरी तरह लोकल अंदाज में हो सकती है। म्यूजिक के लिए इसमें 13mm ड्राइवर, ब्लूटूथ 5.4, LDAC सपोर्ट, 3D साउंडस्टेज और एक्टिव नॉइज कैंसलेशन जैसी ऑडियो टेक्नोलॉजी दी गई है।
बैटरी और चार्जिंग
कंपनी के अनुसार, ईयरफोन में बड्स और केस मिलाकर आपको 40 घंटे तक का प्लेबैक टाइम मिलता है। केस सिर्फ 1 घंटे में फुल चार्ज हो जाता है।
