टेक एंड गैजेट्स

Meta ने लॉन्च किया पहला AI इमेज जनरेशन टूल 'Muse Image', जानें क्या कुछ कर सकता है ये

यह नया टूल यूजर्स के साधारण आइडिया या टेक्स्ट को कुछ ही सेकंड में शानदार AI तस्वीरों में बदल सकता है। बनाई गई इमेज को डाउनलोड करने के साथ-साथ सीधे Facebook, Instagram और WhatsApp पर शेयर भी किया जा सकता है।

Image

मेटा के इस इमेज जनरेशन टूल में कई सारे एडवांस फीचर्स का सपोर्ट मिलने वाला है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में हर दिन कुछ नया देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WhatsApp, Instagram और Facebook की पैरेंट कंपनी Meta ने अपना पहला AI इमेज जनरेशन मॉडल Muse Image लॉन्च कर दिया है। इसे Meta Superintelligence Labs ने तैयार किया है और फिलहाल यह Meta AI के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह नया टूल यूजर्स के साधारण आइडिया या टेक्स्ट को कुछ ही सेकंड में शानदार AI तस्वीरों में बदल सकता है। बनाई गई इमेज को डाउनलोड करने के साथ-साथ सीधे Facebook, Instagram और WhatsApp पर शेयर भी किया जा सकता है।

कैसे काम करता है Muse Image?

Meta के अनुसार, Muse Image एडवांस AI तकनीक का इस्तेमाल करता है, जिससे यह लंबे और जटिल प्रॉम्प्ट को भी आसानी से समझ लेता है। यह कई तस्वीरों और निर्देशों को मिलाकर बेहतर क्वालिटी की नई इमेज तैयार कर सकता है। यूजर सामान्य भाषा में अपनी जरूरत लिखकर नई तस्वीर बनवा सकते हैं। इसके अलावा पहले से बनी AI इमेज में बदलाव या एडिटिंग भी कर सकते हैं।

इमेज एडिटिंग से लेकर QR Code तक की सुविधा

Muse Image की मदद से किसी खास जगह या लैंडमार्क के सामने व्यक्ति की AI फोटो बनाई जा सकती है। अगर किसी फोटो में कोई अनचाहा व्यक्ति या ऑब्जेक्ट हो, तो उसे हटाया भी जा सकता है। इसके अलावा यह AI मॉडल टेक्स्ट वाले पोस्टर, इन्फोग्राफिक और QR Code जैसी चीजें भी साफ और पढ़ने लायक तरीके से तैयार कर सकता है।

मिलेंगे स्मार्ट प्रॉम्प्ट और स्केच एडिटिंग फीचर

इस टूल में पहले से तैयार कुछ प्रॉम्प्ट सुझाव (Presets) दिए गए हैं, जिससे अच्छी इमेज बनाना आसान हो जाता है। साथ ही @Mention फीचर की मदद से फोटो या दूसरे एलिमेंट जोड़ने की सुविधा भी मिलती है। अगर यूजर किसी इमेज में बदलाव करना चाहते हैं, तो वे सीधे उस पर स्केच बनाकर AI को बदलाव का संकेत दे सकते हैं।

कहां मिलेगा Muse Image?

अभी Muse Image का इस्तेमाल सीमित देशों में Instagram और WhatsApp पर किया जा रहा है। Instagram में इससे 30 से ज्यादा नए AI इफेक्ट्स मिलेंगे, जबकि WhatsApp में Meta AI चैट के जरिए सीधे AI इमेज बनाई जा सकेगी।

Meta ने बताया है कि आने वाले समय में यह फीचर Facebook और Messenger समेत दूसरे प्लेटफॉर्म और अधिक देशों में भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही विज्ञापन एजेंसियां भी इसे Meta के Advantage+ टूल्स के जरिए इस्तेमाल कर सकेंगी।

फ्री रहेगा या देना होगा पैसा?

Meta AI में Muse Image का बेसिक इस्तेमाल फिलहाल मुफ्त है। हालांकि, ज्यादा संख्या में AI इमेज बनाने के लिए भविष्य में कंपनी का पेड सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है। कंपनी ने यह भी जानकारी दी है कि वह जल्द ही Muse Video नाम का AI वीडियो जनरेशन मॉडल भी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article