Mandous Live Info: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मैंडूस चेन्नई के साउथकोस्ट से सिर्फ 580 किमी दूरी पर बताया जा रहा है और ये जल्द राज्य के तटीय इलाकों में अपना असर दिखा सकता है. आईएमडी की मानें तो पुदुचेरी और श्रीहरिकोटा में 9 दिसंबर की मध्यरात्रि ये चक्रवाती तूफान पहुंच सकता है. मैंडूस का मतलब खजाने का बक्सा होता है और मौसम विभाग के अनुसार ये चक्रवात 11 किमी/घंटा रफ्तार से उत्तर-पूर्व की ओर बीते 6 घंटे से बढ़ रहा है. ताजा रिपोर्ट में सामने आया है कि राज्य के अन्य तटों पर भी इसका असर देखने को मिलेगा.
यहां मिलेगी प्रभावित इलाकों की लाइव जानकारी
अगर आप इस चक्रवाती तूफान की लाइव लोकेशन और बाकी की जानकारी हासिल करना चाहते हैं तो जूम अर्थ वेबसाइज के जरिए मैंडूस की लाइव इंफो पा सकते हैं. इस वेबसाइट पर हवा की रफ्तार से लेकर दबाव और बाकी जानकारी उपलब्ध होती है. यहां यूजर्स को चक्रवात के लाइव सेटेलाइट व्यू का एनिमेशन भी देखने को मिलता है. जूम अर्थ अपने यूजर्स को अलग से चक्रवात संबंधित कुछ मैप्स मुहैया कराता है जिसमें हवा और बारिश का पैटर्न, तापमान में बदलाव के साथ उमस और दबाव की जानकारी शामिल है.
कितनी तेज चलेंगी हवाएं
मैंडूस चक्रवाती तूफान का असर तमिलनाडु के साथ-साथ आंध्र प्रदेश पर भी पड़ने वाला है. इस दौरान तटीय इलोकों में 65-75 किमी/घंटा रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और एनडीआरएफ टीम्स को सतर्क और तैयार रहने के लिए आगाह किया गया है. सावधानी बरतते हुए दो दिन के लिए राज्य सरकार ने दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज की छुट्टी कर दी है. बता दें कि ये चक्रवाती तूफान इन दो राज्यों में करीब 6 घंटे तक कहर बरपाने वाला है.
