टेक एंड गैजेट्स

फोटो असली है या AI से की गई है तैयार, इन तरीकों से करें पहचान

Real vs AI Photos: एआई के इस दौर में किसी भी फोटो को देखकर यह पहचान पाना काफी मुश्किल है कि नजर आ रही फोटो असली है या एआई-जेनरेटेड।

Image

एआई जेनरेटेड फोटो की ऐसे करें पहचान (AI Generated Image)

Real vs AI Photos: आज के दौर में AI की मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार की जा सकती हैं, जिन्हें पहली नजर में देखकर पहचानना मुश्किल हो जाता है कि फोटो असली है या नकली। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली कई तस्वीरें इसी वजह से लोगों को भ्रमित करती हैं। किसी सेलिब्रिटी की फर्जी तस्वीर हो, किसी घटना की कथित फोटो या फिर कोई ऐसी तस्वीर जो देखने में बिल्कुल असली लगे, उसे बिना जांचे सच मान लेना सही नहीं है। अच्छी बात ये है कि कुछ आसान तरीकों से एआई-जेनरेटेड फोटो (AI Generated Image) की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है-

हाथ, उंगलियों और चेहरे को ध्यान से देखें

AI से बनी तस्वीरों में हाथ और उंगलियां लंबे समय से एक कमजोर हिस्सा रहे हैं। हालांकि नई AI तकनीक में काफी सुधार हुआ है, फिर भी कई तस्वीरों में उंगलियों की संख्या, आकार या उनकी स्थिति असामान्य दिखाई दे सकती है। इसी तरह कान, दांत, आंखों की पुतलियां, चश्मे का फ्रेम और चेहरे के दोनों हिस्सों को ध्यान से देखने पर भी गड़बड़ी मिल सकती है। अगर तस्वीर में किसी व्यक्ति के हाथ में मोबाइल, घड़ी, चश्मा या कोई दूसरा सामान है, तो उसे भी Zoom करके देखें। कई बार AI ऐसे छोटी डिटेल्स को सही तरीके से नहीं बना पाता।

तस्वीर में लिखे Text को चेक करें

एआई- इमेज (AI Images) में लिखे हुए शब्द यानी टेक्स्ट सबसे आसानी से पकड़ में आने वाली गड़बड़ियों में से एक हो सकता है। दुकान के बोर्ड, नंबर प्लेट, पोस्टर, टी-शर्ट या विज्ञापन पर लिखे शब्दों को ध्यान से देखें। अक्षर उलटे-पुलटे, अधूरे या ऐसे शब्दों में दिखाई दे सकते हैं जिनका कोई मतलब नहीं होता।

लाइट और शैडो पर दें ध्यान

असली फोटो में तस्वीर के अलग-अलग हिस्सों पर पड़ने वाली रोशनी और शैडो आमतौर पर एक-दूसरे से मेल खाते हैं। AI-generated तस्वीर में किसी व्यक्ति की शैडो एक दिशा में और आसपास मौजूद वस्तुओं की शैडो दूसरी दिशा में हो सकती है। इसी तरह चेहरे पर रोशनी और शरीर के बाकी हिस्सों पर लाइट की डायरेक्शन को देखें। अगर दोनों में अंतर नजर आता है तो तस्वीर के AI-generated होने की संभावना हो सकती है।

Background को करें Zoom

AI तस्वीरों में मुख्य व्यक्ति अक्सर काफी वास्तविक दिखाई देता है, लेकिन Background में गड़बड़ियां मिल सकती हैं। उदाहरण के लिए, पीछे मौजूद लोगों के चेहरे अस्पष्ट हो सकते हैं, कार के पहिए या नंबर प्लेट अजीब दिख सकती हैं ।

इमेज सर्च की मदद लें

अगर कोई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और आपको उसके असली होने पर शक है, तो Reverse Image Search का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इससे पता लगाया जा सकता है कि तस्वीर पहले इंटरनेट पर कब और कहां प्रकाशित हुई थी। अगर वही तस्वीर कई साल पुरानी है लेकिन उसे किसी नई घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, तो यह गलत जानकारी का संकेत हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article