पिछले कई महीने से एप्पल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन की चर्चा चल रही है। अब ऐसा लगता है कि जल्द ही यह बाजार में देखने को मिल सकता है। आईफोन फोल्ड को लेकर लगातार नई नई लीक्स सामने आ रही हैं। कभी इसके डिस्प्ले के बारे में जानकारी मिल रही है तो कभी यूजर इंटरफेस की लीक्स सामने आ रही हैं। हाल ही में इसके नए रेंडर्स भी सामने आए हैं। इन लीक से उस मोस्ट अवेटेड एप्पल प्रोडक्ट के बारे में काफी कुछ पता चल रहा है जिसका लोग कई सालों से इंतजार कर रहे हैं।
हाल ही में इसकी कीमत के बारे में भी बड़ा खुलासा हुआ है। अगरआपको लगता है कि एप्पल के फोल्डेबल फोन की कीमत उसके आईफोन के बराबर होगी तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। प्राइस की लीक्स से फैंस को बड़ा झटका लग सकता है।
iPhone Fold की संभावित कीमत
लीक के मुताबिक, Weibo पर बताया गया है कि iPhone Fold तीन अलग-अलग वेरिएंट में आ सकता है। इसका 256GB स्टोरेज वाला मॉडल करीब 15,999 RMB यानी करीब 2,15,148 रुपये हो सकती है। वहीं 512GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत लगभग 17,999 RMB यानी करीब 2,42,043 रुपये हो सकती है। इसके अलावा 1TB स्टोरेज वाले सबसे बड़े वेरिएंट की कीमत करीब 19,999 RMB यानी करीब 2,69,000 रुपये तक हो सकती है।
iPhone Fold के संभावित फीचर्स
इस कीमत पर आने वाले iPhone Fold में 2nm प्रोसेस पर बना A20 चिपसेट मिलने की संभावना है। लीक के मुताबिक, फोन को खोलने पर इसमें करीब 7.8 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिल सकता है, जबकि बाहर की तरफ 5.3 या 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले हो सकता है।
फोटोग्राफी की बात करें तो इसमें 48MP लेंस के साथ डुअल कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है। हाल ही में एक और लीक में बताया गया है कि यह iPad जैसा इंटरफेस ला सकता है, जिससे यूजर एक साथ दो ऐप चला सकेंगे। हालांकि, यह फीचर दूसरे फोल्डेबल फोन और कई Android स्मार्टफोन्स में पहले से मौजूद है, लेकिन iPhone में यह पहली बार देखने को मिल सकता है।
