Apple का बहुप्रतीक्षित ‘Surprise and Shine’ इवेंट आज आयोजित होने जा रहा है। इस हार्डवेयर इवेंट को कंपनी के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि इसमें iPhone लाइनअप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple पहली बार फोल्डेबल iPhone पेश कर सकता है। इसके साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max, Apple Watch Series 12 और Ultra 4 समेत AirPods लाइनअप से जुड़े नए प्रोडक्ट्स भी लॉन्च किए जा सकते हैं।
iPhone Duo हो सकता है Apple का पहला फोल्डेबल iPhone
Bloomberg के मार्क गुरमन के मुताबिक, Apple ने अपने पहले फोल्डेबल iPhone के लिए ‘iPhone Duo’ नाम तय किया है। इससे पहले कई रिपोर्ट्स में इसे iPhone Ultra नाम दिए जाने की बात कही गई थी। नया फोन Samsung Galaxy Z Fold 8 की तरह बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन के साथ आ सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन खुलने पर छोटा और चौड़ा फॉर्म फैक्टर दे सकता है। इसके बड़े इंटरनल डिस्प्ले को मल्टीटास्किंग के लिए डिजाइन किए जाने की उम्मीद है। यूजर्स इसमें एक साथ कई ऐप्स चला सकेंगे, जिससे यह अनुभव कुछ हद तक iPad जैसा हो सकता है।
A20 Pro चिप और C2 मॉडेम से हो सकता है लैस
iPhone Duo में Apple का A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है। इसके अलावा कंपनी का इन-हाउस C2 मॉडेम भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। फोन में मैग्नेटिक हिंज सिस्टम और Apple Pencil का सपोर्ट मिलने की भी रिपोर्ट है। कैमरा सेटअप की बात करें तो फोल्डेबल iPhone में पीछे की तरफ दो 48 मेगापिक्सल कैमरे दिए जा सकते हैं। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है।
कीमत 2,000 डॉलर से शुरू होने की उम्मीद
iPhone Duo की कीमत इसे Apple के सबसे महंगे iPhone मॉडल्स में शामिल कर सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.90 लाख रुपये हो सकती है। वहीं टॉप कॉन्फिगरेशन की कीमत 3,000 डॉलर यानी करीब 2.85 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
इस ऊंची कीमत की एक वजह मेमोरी कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत भी बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, Apple बेस मॉडल पर बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन कर सकता है। फोन अक्टूबर में बिक्री के लिए उपलब्ध हो सकता है और White व Dark Blue कलर में आने की उम्मीद है।
iPhone 18 Pro और Pro Max में छोटा Dynamic Island
इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश किए जा सकते हैं। दोनों मॉडल्स में मौजूदा Candy-Bar डिजाइन को बरकरार रखे जाने की उम्मीद है, हालांकि कुछ छोटे डिजाइन बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
सबसे बड़ा बदलाव Dynamic Island में हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple इसे पहले की तुलना में छोटा कर सकता है। नया Dynamic Island एक साथ तीन Live Tasks दिखाने की सुविधा दे सकता है, जबकि मौजूदा सिस्टम में दो Live Activities को मैनेज करने की क्षमता बताई जाती है।
बेहतर बैटरी और थर्मल मैनेजमेंट
iPhone 18 Pro मॉडल्स में भी A20 Pro चिपसेट मिलने की उम्मीद है। इनके अलावा बेहतर बैटरी लाइफ पर भी फोकस किया जा सकता है। ज्यादा पावरफुल प्रोसेसिंग के दौरान फोन को गर्म होने से बचाने के लिए Apple नए Vapour Chamber डिजाइन पर काम कर रहा है। इसके अलावा Apple Watch Series 12, Ultra 4 और नए AirPods भी इवेंट के संभावित आकर्षण हो सकते हैं।
