अगर आपने हाल ही में अपने फोन में इंस्टाग्राम ऐप(Instagram) ओपन किया होगा, तो ऐप के सबसे ऊपरी हिस्से पर नजर पड़ते ही आपको कुछ नयापन महसूस हुआ होगा। मेटा (Meta) के स्वामित्व वाले लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने लगभग एक दशक (10 साल) के बाद अपने विजुअल लुक और 'वर्डमार्क' (Wordmark) लोगो को रिफ्रेश कर दिया है। कंपनी के हेड एडम मोसेरी (Adam Mosseri) ने इस नए वर्डमार्क डिजाइन का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। यह बदलाव Android और iOS दोनों ही प्लेटफॉर्म के यूज़र्स के लिए धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है।
ऐप आइकॉन में नहीं हुआ बदलाव
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि इंस्टाग्राम ने अपने पूरे ऐप आइकॉन (App Icon) को नहीं बदला है। यानी आपके फोन की होम स्क्रीन पर दिखने वाला गुलाबी, बैंगनी और नारंगी शेड वाला कैमरा आइकॉन बिल्कुल पहले जैसा ही है। कंपनी ने बदलाव केवल उस लिखे हुए 'Instagram' नाम में किया है, जो ऐप के अंदर टॉप हेडर (Header) पर दिखाई देता है।
क्या हुआ बदलाव?
अगर बात करें कि पुराने और नए लुक में क्या अंतर आया है, तो पिछले 10 सालों से इंस्टाग्राम का नाम एक खास कर्सिव (हाथ से लिखे हुए) फ्लोइंग फॉन्ट स्टाइल में दिखता था। नए वर्डमार्क में इस फॉन्ट को थोड़ा अधिक क्लीन, बोल्ड और मॉडर्न रूप दिया गया है। इसमें अक्षरों विशेषकर 's', 'r' और 'g' के घुमाव और डिजाइन में सूक्ष्म बदलाव किए गए हैं। कंपनी का कहना है कि यह नया टाइपफेस डिजिटल स्क्रीन पर पढ़ने में ज्यादा आसान (Readable) है और आधुनिक दौर के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
हालांकि, जैसे ही यह नया लुक यूज़र्स की स्क्रीन पर आया, सोशल मीडिया पर इसको लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं और मीम्स की बाढ़ आ गई। कई यूज़र्स को यह नया और साफ-सुथरा लुक काफी पसंद आया, वहीं दूसरी तरफ कई लोगों ने इंस्टाग्राम को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों का कहना है कि नए अक्षरों की बनावट के कारण यह पहली नजर में 'Instagram' के बजाय 'Instagzam' जैसा दिखता है! वहीं कई यूज़र्स का मानना है कि पुराने कर्सिव फॉन्ट में जो 'विंटेज चार्म' था, वह इस नए लुक में थोड़ा कम हो गया है।
10 साल पहले बदला था आइकॉन
ब्रांडिंग एक्सपर्ट्स का मानना है कि किसी भी बड़े प्लेटफॉर्म के विजुअल एलिमेंट्स में बदलाव आने पर शुरुआत में ऐसा रिएक्शन आना स्वाभाविक है। इंस्टाग्राम ने आखिरी बार 2016 में अपने आइकॉन और वर्डमार्क को एक साथ बदला था, जिसके बाद से यूज़र्स की आंखों को वही पुराना कर्सिव नाम देखने की आदत हो गई थी। एडम मोसेरी के मुताबिक, कंपनी अपनी पुरानी पहचान और सिंप्लिसिटी को बनाए रखते हुए ऐप के लुक को आधुनिक स्क्रीन्स के मुताबिक नयापन देना चाहती थी। यदि आपके ऐप में अभी तक नया लोगो नहीं दिख रहा है, तो गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ऐप को अपडेट करते ही यह नया लुक दिखाई देने लगेगा।
