ताइवान की राजधानी ताइपे में आयोजित Computex 2026 इवेंट के दौरान Qualcomm के AI चिप से लैस एक ह्यूमनॉइड रोबोट लाइव डेमो के बीच अचानक स्टेज पर गिर पड़ा। यह घटना उस समय हुई जब रोबोट कंपनी के नए Dragonwing IQ10 AI चिप की क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे Qualcomm के लिए यह एक असहज पल बन गया।
लाइव प्रेजेंटेशन के दौरान अचानक बंद हुआ रोबोट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ह्यूमनॉइड रोबोट मंच पर Qualcomm की नई AI तकनीक का प्रदर्शन कर रहा था। कुछ ही क्षण बाद रोबोट अचानक अपना संतुलन खो बैठा और जमीन पर गिर गया। इसके तुरंत बाद वह पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति को संभालने के लिए आयोजन स्थल पर मौजूद एक स्टाफ सदस्य तुरंत मंच पर पहुंचा और रोबोट को काले कपड़े से ढक दिया।
Qualcomm ने बताया क्यों हुआ हादसा
घटना के बाद Qualcomm ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि यह कोई अनियंत्रित दुर्घटना नहीं थी, बल्कि रोबोट के सुरक्षा सिस्टम का हिस्सा था। कंपनी के अनुसार, एक संक्षिप्त कम्युनिकेशन गड़बड़ी (Communication Glitch) के कारण प्रोटोटाइप रोबोट ने नियंत्रित तरीके से खुद को बंद कर लिया।
Qualcomm ने बताया कि रोबोट ने अपने डिज़ाइन के मुताबिक 'Safe-Collapse' प्रक्रिया अपनाई, जिसमें वह आसपास मौजूद लोगों और उपकरणों को नुकसान से बचाने के लिए नियंत्रित तरीके से घुटनों के बल नीचे आया। कंपनी का कहना है कि सुरक्षा प्रणाली ने ठीक उसी तरह काम किया, जैसा उसे डिजाइन किया गया था।
कंपनी बोली- लाइव डेमो में जोखिम सामान्य
Qualcomm ने अपने बयान में कहा कि लाइव तकनीकी डेमो में इस तरह के जोखिम स्वाभाविक होते हैं। कंपनी के मुताबिक, इस घटना से वास्तविक परिस्थितियों में सिस्टम के प्रदर्शन से जुड़ा महत्वपूर्ण डेटा मिला है, जिससे भविष्य में रोबोट की विश्वसनीयता और सुरक्षा को और बेहतर बनाया जाएगा।
AI और रोबोटिक्स कारोबार पर Qualcomm का बड़ा दांव
Qualcomm पिछले कुछ समय से AI और डेटा सेंटर कारोबार में तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी का लक्ष्य अगले वित्त वर्ष तक इस सेगमेंट से 5 अरब डॉलर का राजस्व हासिल करना है, जबकि वर्ष 2029 तक 15 अरब डॉलर की कमाई का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में रोबोटिक्स और AI आधारित समाधान Qualcomm की भविष्य की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जा रहे हैं।
