Google fitbit Air Fitness Tracker: ने भारत में अपने नए फिटनेस ट्रैकर Fitbit Air के लॉन्च की पुष्टि कर दी है। हाल ही में गूगल ने मेड बाय गूगल इवेंट में गूगल पिक्सल 11 सीरीज को लॉन्च किया है। इसी इवेंट में गूगल ने फिटबिट एयर का भी ऐलान किया। कंपनी इसे अक्टूबर 2026 में भारतीय बाजार में पेश करेगी। यह कंपनी का भारत में पहला स्क्रीन-फ्री फिटनेस ट्रैकर होगा, हालांकि गूगल ने अभी इसकी सटीक लॉन्च डेट, कीमत और बिक्री की जानकारी नहीं दी है।
अक्टूबर में भारत आएगा Fitbit Air
Google ने पुष्टि की है कि Fitbit Air को भारत में अक्टूबर 2026 में लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले Amazon India पर Fitbit Air की लिस्टिंग सामने आ चुकी थी, जिससे इसके भारत में आने के संकेत मिले थे, हालांकि Amazon पर दिखी कीमत को आधिकारिक भारतीय कीमत नहीं माना जा सकता, क्योंकि ये लिस्टिंग थर्ड-पार्टी सेलर्स की ओर से की गई थीं।
Fitbit Air की कीमत कितनी होगी?
Fitbit Air को ग्लोबल मार्केट में मई 2026 में 99.99 डॉलर की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया था। भारत में Amazon की कुछ लिस्टिंग में इसकी कीमत करीब 17,380 रुपये से 18,490 रुपये के बीच दिखाई गई है, हालांकि ये कीमतें थर्ड-पार्टी सेलर्स की हैं। भारत में Fitbit Air की आधिकारिक कीमत Google लॉन्च के करीब घोषित करेगा। कंपनी ने यह भी नहीं बताया है कि भारत में ट्रैकर के कौन-कौन से कलर और बैंड ऑप्शन उपलब्ध होंगे।
बिना स्क्रीन के काम करता है Fitbit Air
Fitbit Air की सबसे खास बात इसका स्क्रीन-फ्री डिजाइन है। इसमें कोई डिस्प्ले नहीं दिया गया है। Google का कहना है कि इस डिजाइन का उद्देश्य यूजर्स को लगातार आने वाले नोटिफिकेशन से होने वाली रुकावट से बचाना है। बिना स्क्रीन के यूजर इसे पूरे दिन पहन सकते हैं और फिटनेस व हेल्थ डेटा को दूसरे डिवाइस के जरिए देख सकते हैं।
हार्ट रेट से लेकर स्लीप ट्रैकिंग तक
Fitbit Air में कई हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग फीचर्स दिए गए हैं। यह लगातार हार्ट रेट मॉनिटरिंग कर सकता है। इसके अलावा इसमें हार्ट रिदम ट्रैकिंग और AFib अलर्ट की सुविधा भी मिलती है। डिवाइस में SpO2 सेंसर दिया गया है, जो ब्लड ऑक्सीजन लेवल को ट्रैक करने में मदद करता है। इसके अलावा रेस्टिंग हार्ट रेट, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी (HRV) और स्लीप ट्रैकिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
Fitbit Air के साथ मिलेगा Health Premium ट्रायल
ग्लोबल मार्केट में Google Fitbit Air के साथ Google Health Premium सब्सक्रिप्शन का तीन महीने का ट्रायल देता है। इसके साथ Google Health Coach टूल्स का एक्सेस भी मिलता है। हालांकि, भारत में इन सब्सक्रिप्शन बेनिफिट्स की उपलब्धता और शर्तों को लेकर Google की ओर से अभी पूरी जानकारी नहीं दी गई है।
कई तरह के बैंड ऑप्शन
Fitbit Air को ग्लोबल मार्केट में अलग-अलग बैंड ऑप्शन के साथ पेश किया गया है। इनमें Performance Loop, Active Band और Elevated Modern Band शामिल हैं। कंपनी ने Fitbit Air को Pink Performance Loop बैंड के साथ भी दिखाया है। भारत में इनमें से कौन-कौन से बैंड और कलर उपलब्ध होंगे, इसकी जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है।
