अगर आपका Gmail Inbox बार-बार फुल हो जाता है तो इसकी एक बड़ी वजह लगातार आने वाले प्रमोशनल ईमेल, न्यूजलेटर, शॉपिंग अपडेट और पुराने ट्रांजैक्शन मेल हो सकते हैं। Google हर यूजर को 15GB का फ्री स्टोरेज देता है, लेकिन यह स्टोरेज सिर्फ Gmail के लिए नहीं होता। Gmail के साथ Google Drive और Google Photos भी इसी स्टोरेज का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में समय के साथ ईमेल बढ़ने पर स्टोरेज जल्दी भर सकता है।
Google अतिरिक्त स्टोरेज खरीदने का विकल्प देता है, लेकिन अगर आप पैसे खर्च नहीं करना चाहते तो पुराने और गैर-जरूरी ईमेल को बल्क में डिलीट करके काफी जगह खाली कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए हर ईमेल को अलग-अलग डिलीट करने की जरूरत नहीं है।
‘Unsubscribe’ वाले ईमेल एक साथ करें डिलीट
मार्केटिंग और प्रमोशनल ईमेल को एक साथ हटाने का सबसे आसान तरीका Gmail का सर्च फीचर है। इसके लिए वेब ब्राउजर में Gmail खोलें और सर्च बार में Unsubscribe लिखकर सर्च करें। इसके बाद Gmail ऐसे ईमेल दिखाएगा जिनमें अनसब्सक्राइब का विकल्प मौजूद है।
अब ऊपर बाईं तरफ दिए गए चेकबॉक्स पर क्लिक करें। इससे पहले पेज पर दिखाई दे रहे सभी ईमेल सिलेक्ट हो जाएंगे। अगर सर्च में इससे ज्यादा ईमेल हैं तो ऊपर दिखाई देने वाले ‘Select all conversations that match this search’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद ऊपर मौजूद ट्रैश आइकन पर क्लिक करके सभी चुने गए ईमेल को Trash में भेज दें। अगर Inbox में Promotions या Social जैसे अलग-अलग टैब हैं तो उनमें जाकर भी यही प्रक्रिया दोहराई जा सकती है।
किसी खास Sender के ईमेल ऐसे हटाएं
अगर किसी एक कंपनी या व्यक्ति के पुराने ईमेल डिलीट करने हैं तो Gmail के सर्च बॉक्स में from: के साथ ईमेल एड्रेस लिखें। उदाहरण के लिए, from:sender_email_address सर्च करने पर उस Sender से आए सभी ईमेल दिखाई देंगे। इसके बाद सभी मेल सिलेक्ट करके ट्रैश आइकन पर क्लिक किया जा सकता है। इसी तरह किसी खास ईमेल एड्रेस पर भेजे गए मेल खोजने के लिए to:sender_email_address का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे किसी खास पते पर भेजे गए ईमेल की सूची सामने आ जाएगी।
पुरानी तारीख के ईमेल भी करें साफ
अगर आपका Gmail कई सालों से इस्तेमाल हो रहा है तो पुराने ईमेल स्टोरेज का बड़ा हिस्सा घेर सकते हैं। इन्हें हटाने के लिए सर्च बॉक्स में after:2023-11-01 जैसी कमांड डाल सकते हैं। यहां तारीख को अपनी जरूरत के अनुसार बदला जा सकता है।
आप अलग-अलग सर्च कमांड को एक साथ भी इस्तेमाल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए Sender और तारीख के आधार पर ईमेल खोजकर उन्हें बल्क में डिलीट किया जा सकता है। सर्च रिजल्ट आने के बाद ऊपर दिए गए चेकबॉक्स से सभी मेल सिलेक्ट करें और ट्रैश आइकन पर क्लिक कर दें।
डिलीट किए ईमेल वापस कैसे लाएं?
ध्यान रखें कि डिलीट किए गए ईमेल तुरंत हमेशा के लिए खत्म नहीं होते। वे Gmail के Trash फोल्डर में चले जाते हैं और आम तौर पर 30 दिनों तक वहां रहते हैं। अगर गलती से कोई जरूरी ईमेल डिलीट हो गया है तो इस अवधि के दौरान Trash में जाकर उसे वापस Recover किया जा सकता है। इस तरह Gmail के सर्च ऑपरेटर और बल्क सिलेक्शन फीचर का इस्तेमाल करके आप घंटों तक एक-एक ईमेल डिलीट करने से बच सकते हैं और पुराने गैर-जरूरी मेल हटाकर स्टोरेज में जगह भी खाली कर सकते हैं।
