टेक एंड गैजेट्स

iQOO और Redmi के पांच स्मार्टफोन 10 हजार तक हुए महंगे, खरीदने से पहले जानें नई कीमत

कंपोनेंट्स की लागत बढ़ने से स्मार्टफोन कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं। आने वाले समय में अगर मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो अन्य स्मार्टफोन की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

Image

iQOO और Redmi के पांच स्मार्टफोन 10 हजार तक हुए महंगे (फोटो क्रेडिट-Digit)

स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों के लिए एक बार फिर झटका लगा है। Vivo के सब-ब्रांड iQOO ने भारत में अपने iQOO 15, iQOO 15R और iQOO Neo 10 स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। इनमें iQOO 15 की कीमत में सबसे बड़ा इजाफा हुआ है। इसके अलावा Xiaomi के सब-ब्रांड Redmi ने भी अपने Redmi Turbo 5 की कीमत बढ़ा दी है। कीमतों में यह बदलाव मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत के बीच किया गया है।

iQOO 15 की कीमत में सबसे बड़ा इजाफा

iQOO 15 की कीमत में लॉन्च के बाद अब तक का सबसे बड़ा उछाल देखने को मिला है। फोन का 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला बेस मॉडल अब 85,999 रुपये में लिस्ट है। इसे भारत में 72,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। यानी इसकी कीमत में 13,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, फोन के 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत अब 93,999 रुपये हो गई है। लॉन्च के समय इस वेरिएंट की कीमत 79,999 रुपये थी। यानी इस मॉडल की कीमत भी 14,000 रुपये बढ़ गई है।

iQOO 15R भी हुआ 21,000 रुपये तक महंगा

iQOO 15R की कीमतों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। इसका 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला बेस वेरिएंट अब 53,999 रुपये में उपलब्ध है। लॉन्च के समय इसकी कीमत 44,999 रुपये थी। 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत अब 59,999 रुपये हो गई है, जबकि इसे 47,999 रुपये में लॉन्च किया गया था।

फोनलॉन्च कीमतनई शुरुआती कीमत
iQOO 15₹72,999₹85,999
iQOO 15R₹44,999₹53,999
iQOO Neo 10₹33,999₹43,999
Redmi Turbo 5₹37,999₹41,999

वहीं, 12GB RAM और 512GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत अब 66,999 रुपये है। लॉन्च के समय इसकी कीमत 52,999 रुपये थी। इस तरह iQOO 15R के अलग-अलग मॉडल की कीमत में करीब 9,000 रुपये से 14,000 रुपये तक का इजाफा हुआ है।

iQOO Neo 10 भी हुआ महंगा

iQOO Neo 10 की कीमत भी बढ़ाई गई है। 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला मॉडल अब 43,999 रुपये में मिल रहा है। वहीं, 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 48,999 रुपये हो गई है। इस फोन को पिछले साल मई में लॉन्च किया गया था। उस समय इसका 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला बेस मॉडल 31,999 रुपये में आया था, जिसे अब बंद कर दिया गया है। वहीं 8GB+256GB वेरिएंट की लॉन्च कीमत 33,999 रुपये और 12GB+256GB मॉडल की कीमत 35,999 रुपये थी।

Redmi Turbo 5 की कीमत भी बढ़ी

Xiaomi के सब-ब्रांड Redmi ने भी Redmi Turbo 5 की कीमत में बढ़ोतरी की है। फोन का 8GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल अब 41,999 रुपये में लिस्ट है। इसकी लॉन्च कीमत 37,999 रुपये थी। वहीं, 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत अब 46,999 रुपये हो गई है। इसे भारत में 40,999 रुपये में लॉन्च किया गया था। यानी दोनों वेरिएंट की कीमत में 4,000 रुपये से 6,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।

क्यों बढ़ रही है स्मार्टफोन की कीमत?

स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतें बताई जा रही हैं। DRAM और NAND जैसे कंपोनेंट्स की सप्लाई और लागत में लगातार बदलाव हो रहा है। AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल ने मेमोरी की मांग को और बढ़ा दिया है। RAM निर्माता अपनी सप्लाई का बड़ा हिस्सा AI डेटा सेंटर के लिए इस्तेमाल होने वाली मेमोरी की ओर शिफ्ट कर रहे हैं। इसके अलावा कंपनियां High-Bandwidth Memory (HBM) के उत्पादन पर भी ज्यादा ध्यान दे रही हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article