Facebook और Instagram का सर्वर दुनियाभर में एक बार फिर डाउन हो गया। इसकी वजह से इन पॉपुलर ऐप्स को इस्तेमाल करने वाले दुनिया भर के कई यूजर्स परेशान हैं। यूजर्स की फीड सही तरीके से लोड नहीं हो रही है और वे पोस्ट देख या शेयर नहीं कर पा रहे हैं। सबसे ज्यादा समस्या इंस्टाग्राम पर देखने को मिल रही है, जहां लोग रील्स और अन्य पोस्ट शेयर करने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। फेसबुक पर भी इसी तरह की दिक्कतें सामने आई हैं। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स को इस तरह की तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ चुका है।
रिफ्रेश करने पर शो हो रहा ये मैसेज
फेसबुक यूजर्स जब पेज को रिफ्रेश करने पर उन्हें Sorry, Something Went Wrong लिखा हुआ नजर आ रहा है। इसके साथ ही यह भी लिखा हुआ आ रहा है कि हम इस पर काम कर रहे हैं और जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा। इस ग्लोबल आउटेज का बड़ा असर सोशल मीडिया में देखने को मिला। देखते ही देखते 'एक्स' पर #FacebookDown और #InstagramDown भी ट्रेंड होने लगा। इस पर दुनियाभर के लोग अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Downdetector पर लाखों लोगों ने की शिकायत
ग्लोब आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector पर भी यूजर्स ने फेसबुक और इंस्टाग्राम डाउन होने की शिकायत की। 12 जून की शाम 7 बजे करीब 1 लाख लोगों ने आउटेज की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें करीब 56 प्रतिशत यूजर्स को फेसबुक चलाने में परेशानी हो रही थी तो वहीं करीब 25 फीसदी लोगों को अपना अकाउंट लॉग इन करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। करीब 11 फीसदी लोग ऐसे थे जिन्हें फेसबुक एक्सेस करने में दिक्कत हो रही थी।
दोनों ही ऐप्स के हैं करोड़ों यूजर्स
आपको बता दें कि Instagram और Facebook दोनों ही पॉपुलर ऐप्स हैं। दुनियाभर में करोड़ों लोग हर दिन इनका इस्तेमाल करते। ये दोनों ही ऐप्स एंटरटेनमेंट के साथ साथ प्रोफेशनल वर्क के लिए भी इस्तेमाल किए जाते हैं। शुक्रवार शाम को अचानक आए ग्लोबल आउटेज का असर इन दोनों ही प्लेटफॉर्म को इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स पर पड़ा। आउटेज की वजह यूजर्स फेसबुक पेज को भी रिफ्रेश नहीं कर पा रहे हैं।
