टेक एंड गैजेट्स

टेलीग्राम का नया अपडेट: ऐप में जुड़े 'रिच टेक्स्ट एडिटर' और 'कम्युनिटीज' जैसे कई शानदार फीचर्स

टेलीग्राम ने ब्लॉग पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि इस लेटेस्ट अपडेट के तहत प्लेटफॉर्म पर 'रिच टेक्स्ट एडिटर', 'टेलीग्राम कम्युनिटीज' और 'इफेमेरल बॉट मैसेज' जैसे कई नए और एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं।

Image

टेलीग्राम ने ऐप में जोड़े कई सारे नए फीचर्स।(फोटो क्रेडिट-iStock)

टेलीग्राम एक पॉपुलर इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप है। दुनियाभर के करोड़ों लोग इसका हर दिन इस्तेमाल करते हैं। अपने शानदार फीचर्स की बदौलत यह लोगों के बीच में जमकर पॉपुलर है। अपने यूजर्स की सहूलियत और उन्हें नया एक्सपीरियंस देने के लिए कंपनी समय-समय पर नए-नए फीचर्स लाती रहती है। इस बीच कंपनी ने एक नया अपडेट जारी किया है जिसमें कई सारे नए फीचर्स को ऐप में जोड़ा है। टेलीग्राम के नए फीचर्स यूजर्स के कई सारे काम को बेहद आसान बनाने वाले हैं।

टेलीग्राम ने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि इस लेटेस्ट अपडेट के तहत प्लेटफॉर्म पर 'रिच टेक्स्ट एडिटर', 'टेलीग्राम कम्युनिटीज' और 'इफेमेरल बॉट मैसेज' जैसे कई नए और एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं।

नया 'रिच टेक्स्ट एडिटर' और AI फीचर्स

इस अपडेट का सबसे बड़ा आकर्षण टेलीग्राम का नया 'रिच टेक्स्ट एडिटर' है, जो यूज़र्स को अपने मैसेज में हेडिंग, टेबल, लिस्ट, कोट और कोड ब्लॉक जोड़ने जैसी एडवांस फॉर्मैटिंग की सुविधा देता है। इसके जरिए यूजर्स सीधे मैसेज के अंदर ही फोटो और वीडियो एम्बेड कर सकते हैं और एक ही मैसेज में 32,768 कैरेक्टर तक भेज सकते हैं। टेलीग्राम के कोकून-पावर्ड AI टूल्स के साथ काम करने वाला यह फीचर फिलहाल सिर्फ टेलीग्राम प्रीमियम यूजर्स के लिए ही उपलब्ध कराया गया है।

ग्रुप्स के लिए 'टेलीग्राम कम्युनिटीज'

इसके अलावा, ऐप में चैट्स और ग्रुप्स को सही तरीके से व्यवस्थित करने के लिए 'कम्युनिटीज़' फ़ीचर भी जोड़ा गया है। इसके जरिए एक ही विषय से जुड़े ग्रुप्स, चैनल्स और बॉट्स को एक जगह मैनेज किया जा सकता है, जिससे सदस्य आसानी से संबंधित चैट्स को ढूंढकर उनमें शामिल हो सकते हैं। कम्युनिटी एडमिन इन चैट्स को सभी के लिए 'विजिबल' या फिर चुनिंदा लोगों के लिए 'हिडन' सेट कर सकते हैं और सेटिंग्स के आधार पर सदस्य इनमें नई चैट्स भी जोड़ सकते हैं।

इफेमेरल बॉट मैसेज और GIF लाइब्रेरी का विस्तार

ग्रुप्स में बॉट्स के काम करने के तरीके को सुरक्षित और प्राइवेट बनाने के लिए टेलीग्राम ने 'इफेमेरल बॉट मैसेज' का फीचर भी दिया है। इसके तहत बॉट्स अब ग्रुप में ऐसे मैसेज भेज सकते हैं जो केवल उसी व्यक्ति को दिखेंगे जिसने कमांड दिया है। इसका इस्तेमाल प्राइवेट AI समरी, वेलकम मैसेज, एरर या कन्फर्मेशन नोटिफिकेशन के लिए किया जाएगा। साथ ही टेलीग्राम ने अपनी GIF लाइब्रेरी का विस्तार करते हुए यूज़र्स को 36 भाषाओं में 350 मिलियन से भी ज्यादा GIF का एक्सेस दिया है और दावा किया है कि इस पर GIF सर्च पूरी तरह से प्राइवेट और सुरक्षित है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article