टेक एंड गैजेट्स

100W का फास्ट चार्जर क्या खराब कर देता है iPhone की बैटरी, इस्तेमाल करने से पहले जान लें सच्चाई

एप्पल अपने आईफोन में कभी भी 50W या फिर 100W जैसी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट नहीं देता है। ऐसे में आईफोन यूजर्स के मन में यह सवाल आता है कि क्या अगर आईफोन को 100W की फास्ट चार्जिंग वाले फोन से चार्ज किया जाए तो क्या आईफोन खराब हो जाएगा?

Image

स्मार्टफोन की बैटरी कभी भी सिर्फ चार्जर की वजह से खराब नहीं होती है।

टेक्नोलॉजी के दौर में अब आपको लगभग हर एक हाथ में स्मार्टफोन देखने को मिल जाएगा। अगर आपके पास एप्पल आईफोन है तो आपके लिए काम की खबर है। स्मार्टफोन का इस्तेमाल हमारी डेली रूटीन लाइफ में बहुत अधिक बढ़ गया है। यूजर्स को स्मार्टफोन ज्यादा देर तक चार्जिंग पर नहीं लगाना पड़े इसके लिए अब कंपनियां फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दे रही हैं। हालांकि अलग-अलग कंपनियों के फोन में आपको फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी अलग-अलग देखने को मिलगा। कुछ स्मार्टफोन्स में आपको 45W की फास्ट चार्जिंग मिलेगी तो कुछ में आपको 100W या फिर इससे ज्यादा की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है।

एप्पल अपने आईफोन में कभी भी 50W या फिर 100W जैसी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट नहीं देता है। ऐसे में आईफोन यूजर्स के मन में यह सवाल आता है कि क्या अगर आईफोन को 100W की फास्ट चार्जिंग वाले फोन से चार्ज किया जाए तो क्या आईफोन खराब हो जाएगा? सोशल मीडिया में भी इसको लेकर अलग-अलग तरह की बाते सुनने को मिलती है। आइए आपको इसके बारे में डिटेल से बताते हैं।

क्या 100W का चार्जर iPhone की बैटरी खराब कर देता है?

अगर आपको ऐसा लगता है कि 100W या फिर इससे अधिक फास्ट चार्जिंग प्रवाइड कराने वाले चार्जर से आईफोन को चार्ज किया जाए तो उसकी बैटरी खराब हो सकती है तो इसका सीधा जवाब है—नहीं, सिर्फ 100W का चार्जर इस्तेमाल करने से iPhone की बैटरी खराब नहीं होती।

असल में iPhone उतनी ही पावर लेता है, जितनी उसके हार्डवेयर और चार्जिंग सिस्टम के लिए सुरक्षित होती है। अगर आपने 100W का चार्जर लगाया है, तो इसका मतलब यह नहीं कि फोन 100W की स्पीड से चार्ज होगा। उदाहरण के लिए, अगर आपका iPhone अधिकतम 27W या 30W तक की चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो वह 100W के चार्जर से भी लगभग उतनी ही पावर लेगा। बाकी पावर चार्जर की क्षमता होती है, जिसे फोन इस्तेमाल ही नहीं करता।

आखिर ऐसा कैसे होता है?

आज के समय में लगभग सभी अच्छे चार्जर और स्मार्टफोन में स्मार्ट चार्जिंग तकनीक होती है। जैसे ही चार्जर और फोन आपस में कनेक्ट होते हैं, दोनों यह तय करते हैं कि कितनी पावर सुरक्षित रहेगी। इसके बाद उसी हिसाब से बिजली सप्लाई की जाती है। इसलिए अगर चार्जर 100W का है और फोन सिर्फ 30W तक सपोर्ट करता है, तो चार्जिंग 30W के आसपास ही होगी।

फिर बैटरी खराब क्यों होती है?

बैटरी खराब होने की सबसे बड़ी वजह सिर्फ चार्जर नहीं होती। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। हमारी डेली रूटीन के कई ऐसी छोटी-छोटी गलतियां होती हैं जिसकी वजह से बैटरी खराब होने लगती है। आपको बता दें कि दरअसल, हर स्मार्टफोन की बैटरी की एक तय लाइफ होती है। समय के साथ उसकी क्षमता धीरे-धीरे कम होना सामान्य बात है। लेकिन अगर फोन नया है और कुछ ही महीने में बैटरी जल्दी ड्रेन होने लगी है तो आपके लिए टेंशन की बात है। आइए आपको बैटरी खराब होने के कुछ बड़े कारण बताते हैं।

  • फोन का लंबे समय तक ज्यादा गर्म होना।
  • बार-बार 0% तक बैटरी खत्म करना।
  • हर समय 100% तक चार्ज करके रखना।
  • बहुत सस्ते या नकली चार्जर और केबल का इस्तेमाल।
  • कई साल तक लगातार बैटरी का इस्तेमाल करना।

क्या 100W चार्जर से फोन ज्यादा गर्म होगा?

अगर चार्जर और केबल अच्छी क्वालिटी के हैं, तो सामान्य स्थिति में 100W का चार्जर लगाने भर से iPhone जरूरत से ज्यादा गर्म नहीं होगा। फोन केवल उतनी ही पावर लेगा, जितनी वह सपोर्ट करता है। लेकिन अगर गेम खेलते हुए, वीडियो रिकॉर्ड करते हुए या धूप में बैठकर चार्जिंग की जाए, तो फोन गर्म हो सकता है। ऐसी स्थिति में बैटरी की सेहत पर असर पड़ सकता है।

बैटरी को लंबे समय तक अच्छी रखने के आसान टिप्स

  • हमेशा अच्छी क्वालिटी का चार्जर और केबल इस्तेमाल करें।
  • फोन को बहुत ज्यादा गर्म होने से बचाएं।
  • जरूरत न हो तो पूरी रात चार्जिंग पर न छोड़ें।
  • बैटरी को बार-बार 0% तक खत्म करने से बचें।
  • सामान्य इस्तेमाल में बैटरी को लगभग 20% से 80% के बीच रखना बेहतर माना जाता है।
  • फोन का सॉफ्टवेयर समय-समय पर अपडेट करते रहें।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article