अगर आप कम बजट में Apple का लैपटॉप खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह आपके लिए अच्छा मौका हो सकता है। Apple ने हाल ही में MacBook Neo की कीमत में 10,000 रुपये की बढ़ोतरी की थी, लेकिन अब Vijay Sales इस लैपटॉप पर आकर्षक ऑफर दे रहा है। बैंक डिस्काउंट समेत कुल 12,410 रुपये की बचत के बाद MacBook Neo की प्रभावी कीमत 67,490 रुपये रह जाती है, जिससे यह भारत में Apple का सबसे किफायती लैपटॉप बन गया है।
ऑफर के बाद कितनी रह गई कीमत?
MacBook Neo के 8GB RAM + 256GB स्टोरेज वेरिएंट की संशोधित कीमत 79,900 रुपये है, हालांकि Vijay Sales पर यह फिलहाल 74,490 रुपये में उपलब्ध है। यदि ग्राहक SBI, ICICI या Axis Bank के पात्र बैंक कार्ड से भुगतान करते हैं, तो उन्हें 7,000 रुपये का इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिलेगा। इस तरह लैपटॉप की अंतिम कीमत घटकर 67,490 रुपये रह जाती है।
A18 Pro चिप के साथ आता है MacBook Neo
MacBook Neo की सबसे बड़ी खासियत इसमें दिया गया Apple A18 Pro चिप है, जो iPhone 16 Pro सीरीज़ में भी इस्तेमाल किया गया है। इसमें 6-कोर CPU, 5-कोर GPU और 16-कोर Neural Engine मिलता है। बेस मॉडल में 8GB RAM दी गई है। यह लैपटॉप मुख्य रूप से रोजमर्रा के काम जैसे वेब ब्राउजिंग, ऑनलाइन क्लास, डॉक्यूमेंट एडिटिंग और प्रेजेंटेशन के लिए तैयार किया गया है।
डिस्प्ले और बैटरी में क्या मिलेगा?
MacBook Neo में 13 इंच का Liquid Retina डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 2408×1506 पिक्सल और पीक ब्राइटनेस 500 निट्स है। हालांकि इसमें 120Hz ProMotion, True Tone और P3 Wide Color जैसे प्रीमियम फीचर्स नहीं मिलते। स्टोरेज के लिए बेस मॉडल में 256GB SSD दी गई है, जबकि 512GB विकल्प भी उपलब्ध है। Apple का दावा है कि यह लैपटॉप 11 घंटे तक वेब ब्राउजिंग और 16 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का बैटरी बैकअप देता है।
किन फीचर्स में किया गया है समझौता?
कीमत कम रखने के लिए Apple ने कुछ प्रीमियम फीचर्स को हटाया है। MacBook Neo में Force Touch Trackpad की जगह सामान्य फिजिकल ट्रैकपैड मिलता है। बेस मॉडल में Touch ID नहीं है, जबकि USB-C पोर्ट्स Thunderbolt को सपोर्ट नहीं करते। इसके अलावा इसमें MagSafe चार्जिंग, फास्ट चार्जिंग और एक से ज्यादा एक्सटर्नल डिस्प्ले का सपोर्ट भी नहीं दिया गया है।
