Cognizant Lay Offs: अमेरिका की दिग्गज आईटी कंपनी कॉग्निजेंट में बड़ी पैमाने पर छंटनी होने वाली है। कंपनी ने गुरुवार को बताया कि वे अपने 3500 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने जा रही है, जो कंपनी के कुल कर्मचारियों का 1 प्रतिशत होगा। कंपनी ने कहा कि आईटी सेक्टर के लिए चल रहे बुरे समय को देखते हुए कंपनी कॉस्ट कटिंग कर रही है और अपने ऑफिस स्पेस में भी जरूरत के हिसाब से बदलाव करेगी।
एक्सेंचर ने 19 हजार कर्मचारियों को निकालने का किया था ऐलान
बताते चलें कि छंटनी को लेकर कॉग्निजेंट, आईटी सेक्टर की जानी-मानी कंपनी एक्सेंचर (Accenture) के रास्ते पर चल रही है। एक्सेंचर ने अप्रैल में ऐलान किया था कि दुनियाभर में अपने कुल 19 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा। बताते चलें कि दुनियाभर में आईटी सेक्टर को काफी चुनौतीपूर्ण समय का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि छंटनी दो साल के 400 मिलियन डॉलर के रिजिग प्रोग्राम के तहत हो रही है।
सॉफ्टवेयर एक्सपोर्टर Teaneck ने जताई चिंता
न्यू जर्सी की सॉफ्टवेयर एक्सपोर्टर Teaneck ने कहा कि कॉग्निजेंट के इस रिजिग प्रोग्राम के कर्मियों से संबंधित कार्यों से कर्मचारियों पर प्रभाव पड़ेगा और चालू वित्त वर्ष के लिए ऑपरेटिंग मार्जिन में 180 बेसिस पॉइन्ट्स तक की कमी आएगी। बताते चलें कि Teaneck के ऑपरेशन्स का एक बड़ा हिस्सा भारत के बाहर है।
छंटनी पर क्या बोले कॉग्निजेंट के सीईओ रवि कुमार
कॉग्निजेंट के सीईओ रवि कुमार ने इकोनॉमिक टाइम्स के साथ बातचीत करते हुए बताया कि कंपनी द्वारा की जाने वाली छंटनी कॉरपोरेट फंक्शन्स के लिए होगी। बताते चलें कि वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही की तुलना में वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही में कॉग्निजेंट के कर्मचारियों की संख्या में 3,800 की कमी दर्ज की गई और फिलहाल कंपनी में कुल 3,51,500 कर्मचारी हैं।
