टेक एंड गैजेट्स

सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL का बड़ा ऐलान, 1.34 लाख रुपये में मिलेगा सैटेलाइट फोन

बीएसएनएल ने पोस्ट में कहा, "जब सामान्य मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच पाते, तब बीएसएनएल सैटेलाइट फोन आपको जुड़े रहने में मदद करता है। इसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है।

Image

सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल ने किया बड़ा ऐलान।

सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने बृहस्पतिवार को 1.34 लाख रुपये की कीमत पर सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने की घोषणा की। कंपनी का उद्देश्य रक्षा, समुद्री क्षेत्र और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सैटेलाइट संचार सेवाओं का विस्तार करना है। बीएसएनएल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सैटेलाइट फोन की कीमत सभी करों सहित 1,34,166 रुपये प्रति इकाई है। इसे ऐसे कठिन क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होते। यह फोन दूरदराज इलाकों में वॉयस कॉल और एसएमएस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

बीएसएनएल ने पोस्ट में कहा, "जब सामान्य मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच पाते, तब बीएसएनएल सैटेलाइट फोन आपको जुड़े रहने में मदद करता है। इसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है और यह रक्षा, समुद्री क्षेत्र, आपदा प्रबंधन, खनन, दूरस्थ संचालन और साहसिक यात्राओं के लिए उपयोगी समाधान है।"

कंपनी ने अधिक जानकारी के लिए नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय से संपर्क करने को कहा और एक मोबाइल नंबर भी साझा किया। हालांकि, यह नंबर तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका। सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता ने टिप्पणी की, "हमेशा की तरह, दिए गए नंबर पर कोई जवाब नहीं दे रहा है।" वहीं, बीएसएनएल को भेजे गए ईमेल का भी तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

2018 से सैटेलाइट सर्विस दे रही कंपनी

फरवरी में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बीएसएनएल एक जनवरी, 2018 से आम लोगों और निजी कंपनियों को वैश्विक सैटेलाइट फोन सर्विस (जीएसपीएस) के माध्यम से वॉयस कॉल और एसएमएस सेवाएं उपलब्ध करा रही है।

दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने 12 जून, 2017 को सैटेलाइट आधारित सेवाओं के प्रावधान को लेकर निर्देश जारी किए थे। इसके तहत बीएसएनएल को मोबाइल कनेक्शन की तरह ग्राहकों की पहचान प्रक्रिया पूरी करनी होती है। आधिकारिक बयान के अनुसार, बीएसएनएल को उपभोक्ता से सैटेलाइट फोन के उपयोग का स्थान, उपयोग की अवधि और फोन इस्तेमाल करने का उद्देश्य जैसी जानकारियां भी लेनी होती हैं।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article