घरेलू वियरेबल्स ब्रांड Boat ने भारत में बच्चों के लिए अपनी पहली स्मार्टवॉच Boat Sailor Nav लॉन्च कर दी है। कंपनी का कहना है कि यह उसके बच्चों के लाइफस्टाइल टेक्नोलॉजी सेगमेंट में प्रवेश का पहला उत्पाद है। स्मार्टवॉच में रियल-टाइम Google Maps लोकेशन ट्रैकिंग, 4G वीडियो कॉलिंग, SOS अलर्ट और जियो-फेंसिंग जैसे कई सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने बच्चों के लिए Boat Sailor Play वायरलेस हेडफोन भी पेश किए हैं।
बच्चों की सुरक्षा के लिए Google Maps ट्रैकिंग और Geo-Fencing
Boat Sailor Nav की सबसे बड़ी खासियत इसका रियल-टाइम Google Maps लोकेशन ट्रैकिंग फीचर है। इसकी मदद से माता-पिता अपने बच्चे की लोकेशन किसी भी समय देख सकते हैं। स्मार्टवॉच में पांच-पॉइंट सैटेलाइट पोजिशनिंग और Geo-Fencing का भी सपोर्ट मिलता है। माता-पिता स्कूल, घर या अन्य स्थानों को सुरक्षित क्षेत्र के रूप में सेट कर सकते हैं। यदि बच्चा इन क्षेत्रों में प्रवेश करता है या बाहर निकलता है, तो स्मार्टवॉच तुरंत अलर्ट भेजती है।
4G वीडियो कॉलिंग और SOS फीचर
स्मार्टवॉच में 1.4 इंच का HD डिस्प्ले दिया गया है, जिससे वीडियो कॉल, मैसेज और अन्य कंट्रोल आसानी से इस्तेमाल किए जा सकते हैं। इसमें बिल्ट-इन 4G SIM का सपोर्ट है, जिसके जरिए दो-तरफा वीडियो और वॉयस कॉल की जा सकती है। इसके अलावा, Audio Chat फीचर भी मौजूद है, जिससे Sailor Nav इस्तेमाल करने वाले बच्चे आपस में वॉयस मैसेज भेज सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए इसमें डेडिकेटेड SOS बटन भी दिया गया है।
Boat Sailor Play हेडफोन में 60 घंटे की बैटरी
Boat ने बच्चों के लिए Sailor Play वायरलेस हेडफोन भी लॉन्च किए हैं। इनमें 40mm डायनामिक ड्राइवर और कंपनी का Signature Sound ट्यूनिंग दी गई है। बच्चों की सुनने की क्षमता को सुरक्षित रखने के लिए इन हेडफोन्स की अधिकतम आवाज 85dB तक सीमित रखी गई है। हेडफोन में मुलायम ईयरकप, एडजस्टेबल हेडबैंड, Bluetooth कनेक्टिविटी, बिल्ट-इन माइक्रोफोन और मल्टीफंक्शन कंट्रोल्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि ये एक बार चार्ज करने पर 60 घंटे तक का प्लेबैक देते हैं।
Boat Sailor Nav और Sailor Play की कीमत
Boat Sailor Nav स्मार्टवॉच की कीमत 6,499 रुपये रखी गई है। इसे Fairy Pink और Sky Blue रंगों में खरीदा जा सकता है। यह कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा Amazon और Flipkart पर भी उपलब्ध होगी। वहीं, Boat Sailor Play वायरलेस हेडफोन की कीमत 1,499 रुपये है। इसे Bubblegum Pink, Shark Blue और Coral Blue कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
