टेक एंड गैजेट्स

अब भारत के कुणाल शाह संभालेंगे WhatsApp की कमान, मेटा ने CRED कंपनी में भी खरीदी हिस्सेदारी

Kunal Shah WhatsApp Head: सोशल मीडिया दिग्गज 'मेटा' ने अपनी सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप 'वॉट्सऐप' की कमान भारतीय फिनटेक कंपनी 'क्रैड' (CRED) के फाउंडर और सीईओ कुणाल शाह को सौंप दी है। कुणाल शाह, विल कैथकार्ट की जगह लेंगे जो पिछले सात सालों से वॉट्सऐप का नेतृत्व कर रहे थे। पढ़िए पूरी खबर।

Image

वॉट्सऐप का नया दौर

Kunal Shah WhatsApp Head: टेक इंडस्ट्री से एक बहुत बड़ी और कहें तो चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वॉट्सऐप की पैरेंट कंपनी 'मेटा' ने अपने नेतृत्व में एक ऐतिहासिक बदलाव करते हुए भारतीय फिनटेक कंपनी 'क्रैड' (CRED) के संस्थापक और सीईओ कुणाल शाह को वॉट्सऐप का नया ग्लोबल हेड (प्रमुख) नियुक्त किया है। कुणाल शाह अब दुनिया की सबसे बड़ी मैसेजिंग ऐप का नेतृत्व करेंगे। वह विल कैथकार्ट का स्थान लेंगे, जिन्होंने पिछले 7 वर्षों से वॉट्सऐप को सफलता के नए शिखरों पर पहुंचाया है।

मेटा के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर (CPO) क्रिस कॉक्स ने बताया कि उन्होंने कुणाल शाह (Whatsapp New CEO) से इस भूमिका के लिए खुद सीधे बात की थी। कॉक्स के मुताबिक, एआई (AI) के इस दौर में वॉट्सऐप की वैश्विक संभावनाओं को समझने और संभालने के लिए कुणाल शाह सबसे सटीक और स्पष्ट विकल्प बनकर उभरे। इस नियुक्ति को सहज बनाने के लिए मेटा ने कुणाल शाह की कंपनी CRED में भी एक निवेश किया है।

मार्क जुकरबर्ग ने जताया भरोसा

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कुणाल शाह की जमकर सराहना की है। जुकरबर्ग ने कहा, "कुणाल ने भारत की सबसे महत्वपूर्ण टेक कंपनियों में से एक 'CRED' को खड़ा किया है। उनके पास एक 'बिल्डर' वाली मानसिकता और वैश्विक दृष्टिकोण है, जो दुनिया की सबसे बड़ी मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके बेहद काम आएगा।"

कुणाल शाह और विल कैथकार्ट का बयान

अपनी इस नई जिम्मेदारी पर कुणाल शाह ने कहा कि हालांकि वॉट्सऐप ने अब तक लंबा सफर तय किया है, लेकिन वर्तमान स्थिति और इसकी वास्तविक क्षमता के बीच अभी भी एक बड़ा फासला है। वह वॉट्सऐप के अगले सफर के लिए मार्क जुकरबर्ग और क्रिस कॉक्स के साथ काम करने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

वहीं, पद छोड़ने वाले विल कैथकार्ट ने कहा कि वॉट्सऐप आज अपने सबसे मजबूत दौर में है, इसलिए कदम पीछे खींचने का यह बिल्कुल सही समय था। कैथकार्ट के 7 साल के कार्यकाल में वॉट्सऐप ने 3 अरब (3 Billion) से अधिक यूज़र्स तक अपनी पहुंच बनाई, सुरक्षा के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन को मजबूत किया और 'कम्युनिटीज' व 'चैनल्स' जैसे शानदार फीचर्स पेश किए।

कैथकार्ट अब मेटा में ही रहकर अगली पीढ़ी के नए प्रोडक्ट्स को बुनियादी स्तर से तैयार करने का काम करेंगे। कुणाल शाह ने अपनी नई भूमिका संभाल ली है और 25 जून को होने वाली वॉट्सऐप की मीटिंग में उन्हें टीम से आधिकारिक तौर पर मिलवाया जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article