अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले अरबपति होंगे रिचर्ड ब्रैनसन! भारत से जुड़ी हैं जड़ें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2021, 04:46 PM IST

ब्रिटेन के अरबपति कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन छह लोगों की टीम के साथ अंतरिक्ष की उड़ान पर निकलने वाले हैं। भारत के लिए भी यह मिशन खास है। सिरीषा बांदला के साथ-साथ रिचर्ड ब्रैनसन का नाता भी भारत से जुड़ा है।

अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले अरबपति होंगे रिचर्ड ब्रैनसन! भारत से जुड़ी हैं जड़ें
Photo Credit: AP, File Image

नई दिल्‍ली : धरती ही नहीं दुनिया के अरबपतियों में अंतरिक्ष से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर भी होड़ मची हुई है। अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस के बाद अरबपति कोरोबारी और वर्जिन गेलेक्टिक के संस्‍थापक र‍िचर्ड ब्रैनसन ने भी अपने अंतरिक्ष मिशन की घोषणा की है। वर्जिन गेलेक्टिक के 'VSS यूनिटी' से छह अंतरिक्ष यात्री कल यानी रविवार, 11 जुलाई को उड़ान भरेंगे, जिसमें भारत में पैदा हुईं सिरीषा बांदला भी शामिल हैं।

अंतरिक्ष में पहले अरबपति होंगे ब्रैनसन!

रिचर्ड ब्रैनसन ने अपने अंतरिक्ष मिशन की घोषणा 1 जुलाई को की थी और इसकी लॉन्चिंग के लिए 11 जुलाई की तारीख तय होने की बात कही थी। अगर उनका यह मिशन सफल होता है तो वह अंतरिक्ष पहुंचने वाले पहले अरबपति होंगे। अंतरिक्ष के लिए यह उड़ान न्‍यू मेक्सिको से होनी है। अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस ने नौ दिन बाद 20 जुलाई को अंतरिक्ष के लिए अपनी उड़ान की घोषणा की है।

रिचर्ड ब्रैनसन का अंतरिक्ष मिशन भारत के लिए भी कई मायनों में खास है। एक तो इसकी महत्‍वपूर्ण वजह सिरीषा बांदला का इससे जुड़ाव है, जो आंध्र प्रदेश के गुंटूर में पैदा हुईं। हालांकि वह बाद में अपने माता-पिता के साथ अमेरिका चली गईं, जहां उनकी परवरिश हुई। दूसरी अहम वजह है कि जिस अरबपति कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन ने इस महत्‍वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन की घोषणा की है, उनका नाता भी भारत से गहरा जुड़ा है।

भारत से जुड़ी हैं ब्रिटिश कारोबारी की जड़ें

ब्रिट‍िश बिजनेस टायकून ने 2019 में यह कहकर बहुत से लोगों को चौंका दिया था कि उनकी जड़ें भारत में तमिलनाडु के कुड्डलुर से जुड़ी हुई हैं। वह मुंबई में अपने एयरलाइन वर्जिन एटलांटिक के नए रूट को सेलिब्रेट करने के लिए यहां पहुंचे थे, जब उन्‍होंने भारतीय जड़ों के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा था कि यह कोई 1793 की बात होगी, जब उनके पूर्वज यहां रहा करते थे।

उन्‍होंने बताया था कि उनकी ग्रेट, ग्रेट, ग्रेट ग्रैंडमदर एरिया का ताल्‍लुक भारत से था, जिनकी शादी ब्रिटिश नागरिक से हुई थी। 70 वर्षीय अरबपति कारोबारी ने यह भी कहा था कि जब कभी वह किसी भारतीय से मिलते हैं तो उन्‍हें ऐसा लगता है कि वे उसके रिश्‍तेदार हो सकते हैं। 

End of Article