LG OLED Flex TV LX3 को बेंडेबल डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया गया है। इसे IFA 2022 के दौरान डेमो के लिए रखा भी जाएगा। LG के इस नए TV में 42-इंच 4K स्क्रीन दी गई है जो बेंडेबल है। ऐसे में इस टीवी को फ्लैट और कर्व्ड दोनों पैनल के तौर पर उपयोग किया जा सकता है। ये फ्लेक्सिबल पैनल 900R तक मैक्जिमम कर्वेचर ऑफर करता है। ऐसे में ये नया टीवी गेमिंग के लिए खासतौर पर काफी अच्छा है। इसे कम्प्यूटर मॉनिटर के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
फिलहाल कंपनी ने LG OLED Flex TV LX3 की कीमत और उपलब्धता के बारे में जानकारी नहीं दी है। लेकिन, 2 सितंबर से जर्मनी के बर्लिन में शुरू होने वाले IFA 2022 में इसे डिस्प्ले किया जाएगा। इस नए टीवी के फीचर्स Corsair Xeneon Flex OLED 45-inch bendable monitor से मिलते जुलते हैं। इसे भी LG डिस्प्ले के साथ मिलकर डेवलप और डिजाइन किया गया था।
LG OLED Flex TV LX3 के स्पेसिफिकेशन्स
LG OLED Flex TV LX3 में 900R तक मैक्जिमम कर्वेचर के साथ बेंडेबल डिस्प्ले दिया गया है। डिस्प्ले के कर्व को रिमोट के जरिए दो प्रीसेट्स में एडजस्ट किया जा सकता है। हालांकि, मैनुअली इसे 20 अलग-अलग कर्व लेवल पर सेट किया जा सकता है। इस स्क्रीन में टिल्ट और हाइट एडजस्टमेंट भी मौजूद है।
ये टीवी फिलहाल केवल 42-इंच साइज ऑप्शन में उपलब्ध है। LG OLED Flex TV LX3 में Dolby Vision और Dolby Atmos का भी सपोर्ट दिया गया है। इसमें गेमिंग को ध्यान में रखकर वेरिएबल रिफ्रेश रेट, ऑटो लो-लेटेंसी मोड और G-Sync के लिए कंपैटिबिलिटी दी गई है।
LG OLED Flex TV को स्टैंडर्ड कंटेंट व्यूइंग के लिए बतौर टीवी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी तरह करेंट जनरेशन कंसोल के साथ इसे गेमिंग के लिए भी यूज किया जा सकता है। इसे बतौर PC मॉनिटर भी इस्तेमाल में लाया जा सकता है। इसमें LG Alpha 9 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है और इसमें फ्रंट फायरिंग 40W स्पीकर सिस्टम भी मौजूद है।

