Apple आने वाले समय में अपने iPhone कैमरा में बड़ा अपग्रेड करने की तैयारी कर सकती है। हाल ही में सामने आई लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी हाई-रिजोल्यूशन कैमरा सेंसर की टेस्टिंग कर रही है। इससे यह साफ हो गया कि Apple अब ज्यादा मेगापिक्सल वाले कैमरे की ओर कदम बढ़ा सकती है, जबकि अब तक कंपनी इस ट्रेंड से दूरी बनाए हुए थी।
200 मेगापिक्सल कैमरा पर चल रही टेस्टिंग
टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन के अनुसार Apple 200-मेगापिक्सल का 1/1.12-इंच सेंसर टेस्ट कर रही है। माना जा रहा है कि यह सेंसर भविष्य के iPhone मॉडल में देखने को मिल सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह Apple की कैमरा रणनीति में एक बड़ा बदलाव होगा।
Oppo भी ला सकता है दमदार कैमरा
इस सेंसर का इस्तेमाल Oppo Find X9 Ultra में भी होने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक Oppo अपने इस फ्लैगशिप फोन में ड्यूल 200MP कैमरा और 10x टेलीफोटो लेंस दे सकता है। बताया जा रहा है कि फिलहाल हार्डवेयर के मामले में Oppo, Apple से आगे चल रहा है और यह फोन अप्रैल में लॉन्च हो सकता है।
अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, Apple की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी आमतौर पर लॉन्च से पहले अपने नए फीचर्स को सार्वजनिक नहीं करती, ऐसे में इसे पूरी तरह से सही मानना भी उचित नहीं है। यह पहली बार नहीं है जब Apple के 200MP कैमरे को लेकर चर्चा हुई हो। इससे पहले भी मई 2025 में ऐसी खबरें आई थीं कि कंपनी भविष्य के iPhone में हाई-रिजोल्यूशन कैमरा ला सकती है।
iPhone 21 में मिल सकता है 200MP कैमरा
एक रिपोर्ट के अनुसार iPhone 21, जो 2028 में लॉन्च हो सकता है, Apple का पहला ऐसा फोन हो सकता है जिसमें 200-मेगापिक्सल कैमरा दिया जाएगा। बताया गया है कि इसके लिए कंपनी Samsung से CMOS सेंसर ले सकती है, जिसकी मैन्युफैक्चरिंग टेक्सास में की जा सकती है। वहीं, Apple ने LiDAR सेंसर के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार किया है।
