WhatsApp जल्द ही एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक नया और बड़े ही काम का फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने स्टेटस पर लगाए गए फोटो या वीडियो के कैप्शन को पोस्ट करने के बाद भी एडिट कर सकेंगे। इससे टाइपिंग की गलतियां सुधारना या पूरा कैप्शन बदलना आसान हो जाएगा, बिना स्टेटस डिलीट किए दोबारा पोस्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पोस्ट करने के 15 मिनट तक मिलेगा एडिट का मौका
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल WhatsApp Beta for Android 2.26.30.1 वर्जन इस्तेमाल करने वाले कुछ बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया गया है। यूजर्स स्टेटस पोस्ट करने के बाद 15 मिनट के भीतर उसके कैप्शन में बदलाव कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद कैप्शन को एडिट नहीं किया जा सकेगा।
दो अलग-अलग तरीकों से कर सकेंगे कैप्शन एडिट
WhatsApp इस फीचर के साथ कैप्शन एडिट करने के दो विकल्प देगा। पहला, यूजर अपने शेयर किए गए स्टेटस की सूची में जाकर Status Menu से सीधे "Edit Caption" विकल्प चुन सकेंगे। इससे स्टेटस खोले बिना ही कैप्शन में बदलाव किया जा सकेगा। दूसरा तरीका स्टेटस के कैप्शन के पास दिखाई देने वाले पेंसिल आइकन के जरिए होगा। इस आइकन पर टैप करके यूजर आसानी से कैप्शन को अपडेट कर पाएंगे।
एडिट करने की जानकारी किसी को नहीं मिलेगी
WhatsApp पहले से ही एडिट किए गए मैसेज पर "Edited" का लेबल दिखाता है, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार स्टेटस कैप्शन एडिट करने पर ऐसा कोई संकेत नहीं मिलेगा। यानी जिन लोगों ने आपका स्टेटस देखा होगा, उन्हें यह पता नहीं चलेगा कि कैप्शन में बाद में कोई बदलाव किया गया है।
जल्द सभी यूजर्स के लिए हो सकता है रोलआउट
फिलहाल यह फीचर सीमित संख्या में एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने Google Play Store से WhatsApp का लेटेस्ट बीटा वर्जन इंस्टॉल किया है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले हफ्तों में कंपनी इसे धीरे-धीरे सभी योग्य एंड्रॉयड यूजर्स के लिए जारी कर सकती है।
