टेक एंड गैजेट्स

UPI जैसा AI पब्लिक प्लेटफार्म लाएगा भारत, IndiaAI समिट में बोले आईटी मंत्री

UPI like platform for AI: इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ‘इंडिया एआई मिशन’ को अगले दो से तीन महीने में पेश किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत AI के लिए UPI जैसा पब्लिक प्लेटफार्म बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Image

IT Minister Ashwini Vaishnaw (Image-X)

UPI like platform for AI: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए यूपीआई जैसा प्लेटफार्म लाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में भारत इस मिशन को शुरू करेगा ताकि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा, फार्मास्यूटिकल्स और हमारे समाज के लिए प्रासंगिक इन सभी क्षेत्रों में एआई की पावर और क्षमता का इस्तेमाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि एआई को लेकर चिंताएं भी बढ़ रही हैं, इसका प्रभावी समाधान केवल सामूहिक वैश्विक प्रयासों से ही मुमकिन है।

UPI जैसा AI प्लेटफार्म

राष्ट्रीय राजधानी में दो दिवसीय ग्लोबल इंडिया एआई समिट 2024 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वैष्णव ने एआई के जोखिमों पर भी प्रकाश डाला और भारत के एआई मिशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हाल ही में खत्म हुए लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान यह देखा गया कि एआई की मदद से गलत सूचनाएं कई गुना बढ़ गईं। उन्होंने संकेत दिया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए यूपीआई जैसा प्लेटफॉर्म बनाया जा सकता है।

एक्स पर किया पोस्ट

केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर इसको लेकर एक पोस्ट भी किया है। उन्होंने ग्लोबल इंडिया एआई समिट 2024 की एक छोटी क्लिप को शेयर करते हुए कहा कि भारत AI के लिए UPI जैसा पब्लिक प्लेटफार्म बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंडिया एआई मिशन

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री ने कहा कि ‘इंडिया एआई मिशन’ को अगले दो से तीन महीने में पेश किया जाएगा। अगले पांच वर्षों में दिए जाने वाले इस वित्तीय निवेश का मकसद ‘इंडिया एआई मिशन’ के विभिन्न घटकों को बढ़ावा देना है, जिसमें ‘इंडिया एआई कंप्यूट कैपेसिटी’, ‘इंडियाएआई इनोवेशन सेंटर’ (आईएआईसी), ‘इंडियाएआई डेटासेट प्लेटफॉर्म’, ‘इंडियाएआई एप्लिकेशन डेवलपमेंट इनिशिएटिव’, ‘इंडियाएआई फ्यूचरस्किल्स’, ‘इंडियाएआई स्टार्टअप फाइनेंसिंग’ और सुरक्षित तथा विश्वसनीय एआई जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article