स्पोर्ट्स

World Boxing Cup Finals: भारतीय मुक्केबाजों ने लगाई जीत की हैट्रिक, मीनाक्षी, प्रीती और अरुंधती ने दिलाया गोल्ड

World Boxing Cup Finals 2025: वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 के फाइनल में भारतीय दल के लिए धमाकेदार शुरुआत हुई है। देश को मीनाक्षी हुड्डा, अरुंधति चौधरी और प्रीति पंवार ने गोल्ड दिलाया है और भारत का जीत के साथ धमाकेदार आगाज हुआ है। भारत के और भी महारधी अभी रिंग में उतरने वाले हैं।

Image

अरुणधति रेड्डी (फोटो- BFI X)

World Boxing Cup Finals 2025: भारतीय महिला मुक्केबाजों ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। मीनाक्षी हुड्डा, अरुंधति चौधरी और प्रीति पंवार ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर भारत की झोली में लगातार तीन स्वर्ण पदक डाले। अंतिम दिन कुल 15 भारतीय मुक्केबाजों को स्वर्ण पदक के लिए रिंग में उतरना था, जिनमें से इन तीनों ने सबसे पहले देश को स्वर्णिम सफलता दिलाई।

मीनाक्षी ने दिलाई पहली स्वर्ण जीत

भारत को पहला स्वर्ण पदक मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में दिलाया। मीनाक्षी ने फाइनल में उज्बेकिस्तान की मुक्केबाज फरजोना फोजिलोवा को 5-0 से क्लीन स्वीप करते हुए शानदार जीत दर्ज की। मीनाक्षी ने अपनी ओपनिंग राउंड में शानदार क्लीनिकल प्रदर्शन किया, उनके काउंटर पंच तीखे थे, और वह शुरुआत से ही पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं। जीत के बाद मीनाक्षी ने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मुकाबले की शुरुआत में थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन अद्भुत भीड़ को देखकर उन्हें जरूरी आत्मविश्वास मिला।

अरुंधति और प्रीति ने भी सुनहरे पंच लगाए

मीनाक्षी की सफलता के बाद, अरुंधति चौधरी और प्रीति पंवार ने भी अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करके स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की।अरुंधति ने महिला 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की एक अन्य मुक्केबाज अजीजा ज़ोकिरोवा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं प्रीति ने महिला 54 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इटली की सिरीन चर्राबी पर जीत दर्ज करके भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया।

बाकी दिग्गजों पर निगाहें

ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस मेगा इवेंट के अंतिम दिन कुल 15 भारतीय मुक्केबाज स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मीनाक्षी, अरुंधति और प्रीति के अलावा, विश्व चैंपियन जैस्मीन लाम्बोरिया (57 किग्रा) और दो बार की पूर्व विश्व चैंपियन निखत ज़रीन (51 किग्रा) भी अन्य प्रमुख नामों में शामिल हैं, जो गुरुवार को स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए रिंग में उतरेंगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article