EXCLUSIVE: ओलंपिक में ब्रॉन्ज जीतने के बाद पीवी सिंधू बोलीं- पीएम मोदी के साथ आइसक्रीम खाने के लिए रेडी हूं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 2, 2021, 12:43 PM IST

PV Sindhu ON ice cream with PM Modi: पीवी सिंधू टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर छाई हुई हैं। वह दो ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन चुकी हैं।

टोक्यो: भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। रियो ओलंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधू ने चीन की ही बिंग जियाओ को सीधे गेम में हराकर महिला एकल स्पर्धा का यह पदक जीता। सिंधू ने मुसाहिनो फॉरेस्ट स्पोर्ट्स प्लाजा में 53 मिनट चले मुकाबले में जियाओ को 21-13, 21-15 से मात दी। उन्होंने साथ ही इतिहास रच डाला। वह ओलंपिक में दो व्यक्तिगत मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं।

'मुझे गर्व है देश के लिए मेडल जीता' 

ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद पीवी सिंधू ने टाइम्स नाउ से खास बातचीत की। सिंधू से सवाल किया गया कि यह जीत आपके लिए कितना मायने रखती है? इसके जवाब में सिंधू ने कहा कि इसकी खुशी काफी समय तक रहने वाली है। दरअसल, हम इसके लिए कई साल से मेहनत कर रहे हैं। मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि मैंने देश के लिए मेडल जीता। फिलहाल इमोशनल हूं, क्योंकि रियो ओलंपिक से अब तक कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। मैंने अपने अनुभव से भी बहुत कुछ सीखा है। मैं देश के लिए मेडल लेकर जा रही हूं, इस बात से खुश हूं। 

'मैं आइसक्रीम खाने के लिए रेडी हूं'

वहीं, सिंधू से जब पूछा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में सफल होकर लौटने पर आपके साथ आइसक्रीम खाने का वादा किया था तो क्या आप इसके लिए तैयार हैं? इसपर बैडमिंटन स्टार ने कहा कि हां, मैं रेडी हूं। मुझे काफी लोगों से बधाई संदेश मिल रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कांग्रेचुलेट करने वालों का तांता लगा हुआ है। बता दें कि पीएम मोदी ने टोक्यो जाने से पहले खिलाड़ियों से बातचीत की थी। उसी दौरान प्रधानमंत्री सिंधू से से कहा था कि आप ओलंपिक में सफल होकर आएंगी तो मैं आपके साथ आइसक्रीम खाऊंगा।

पीएम ने ट्वीट कर सिंधू को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीवी सिंधू को रविवार को दूसरा ओलंपिक मेडल जीतने पर ट्वीट कर बधाई दी थी। मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'पीवी सिंधू हम सभी आपके शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के लिये बधाई। वह भारत का गौरव हैं और हमारे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं।' वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘पीवी सिंधू दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी। उन्होंने निरंतरता, समर्पण और उत्कृष्टता के नए मापदंड बना दिए। भारत को गौरवान्वित करने के लिए उन्हें मेरी बधाई।'

End of Article