स्पोर्ट्स

Syed Modi International 2025: त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने जीता सैयद मोदी इंटरनेशनल खिताब

त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की डिफेंडिंग चैंपियन जोड़ी ने लखनऊ के सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट का महिला युगल खिताब अपने नाम कर लिया।

Image

त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (BAI Media)

लखनऊ: गत चैंपियन त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने रविवार को लखनऊ के सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट में जापान की काहो ओसावा और माई तानाबे को तीन गेम में हराकर महिला युगल का खिताब बरकरार रखा। शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद आक्रामक खेल दिखाया और दुनिया की 35वें नंबर की जापानी जोड़ी को एक घंटे 16 मिनट तक चले रोमांचक फाइनल में 17-21, 21-13, 21-15 से शिकस्त दी। कंधे की चोट के बाद गायत्री के पांच महीने के ब्रेक से लौटने के बाद भारतीय जोड़ी सिर्फ अपना दूसरा टूर्नामेंट खेल रही थी।

फाइनल की शुरुआत 49 शॉट की शानदार रैली से हुई। दोनों जोड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी जिसके बाद ओसावा और तानाबे 6-3 से आगे हो गईं। त्रीसा ने कुछ तेज स्मैश लगाए जिससे भारतीय जोड़ी बराबरी पर आ गई। फिर ओसावा की फोरहैंड गलती ने उन्हें 8-6 से आगे कर दिया। हालांकि जापानी जोड़ी ने फिर वापसी की और ब्रेक तक थोड़ी बढ़त बना ली। तानाबे के बैकहैंड क्रॉस कोर्ट रिटर्न से गायत्री हैरान हो गई जिसके बाद भारतीय खिलाड़ी की एक और गलती ने जापानी टीम को पांच गेम प्वाइंट दिला दिए। त्रीसा और गायत्री ने दो प्वाइंट बचाए लेकिन तानाबे ने स्मैश मारकर पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने लय हासिल कर ली और शानदार अंदाज में खेलते हुए 9-2 से बढ़त बना ली। हालांकि कुछ शॉट नेट में चले गए लेकिन ब्रेक तक भारतीयों की बढ़त 11-5 हो गई थी। त्रीसा और गायत्री ने रैलियों में दबदबा बनाए रखना जारी रखा जिससे यह जोड़ी 17-9 से आगे हो गईं। त्रीसा ने फुर्ती और लय से आक्रामकता से रिटर्न दिए जिससे भारतीय टीम 20-11 की बढ़त पर आ गई। उन्होंने दो गेम प्वाइंट गंवा दिए लेकिन फिर इस गेम को जीतकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने 7-4 की बढ़त बना ली थी, लेकिन गलतफहमी की वजह से उन्हें कुछ प्वाइंट गंवाने पड़े। लेकिन उन्होंने जल्द ही नियंत्रण हासिल कर लिया। त्रीसा के एक शानदार नेट शॉट के बाद एक और अच्छे प्वाइंट ने उन्हें ब्रेक तक छह प्वाइंट की बढ़त दिला दी। ओसावा और तानाबे ने पिछड़ने के अंतर को 12-14 से 13-15 कर दिया। पर जोश से भरी त्रीसा ने एक और शानदार नेट शॉट लगाया और गायत्री ने एक तेज स्मैश लगाया जिससे भारतीय जोड़ी खिताब के करीब पहुंच गई। त्रीसा के एक हल्के ड्रॉप और जापानी खिलाड़ी के एक वाइड शॉट ने भारत को छह मैच प्वाइंट दिए। फिर भारतीय जोड़ी ने दूसरे वाइड शॉट को अंक में तब्दील कर अपना खिताब बरकरार रखा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article