Team India in T20 World Cup 2022, Rohit Sharma: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नेतृत्व में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) के लिए पूरी तरह से तैयार है। पाकिस्तान के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप 2022 (IND vs PAK) के मुकाबले से पहले मेलबर्न में विक्टोरिया के गवर्नर लिंडा डेसौ एसी और अन्य खिलाड़ियों से मुलाकात की है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों की इस मुलाकात का अब एक वीडियो जारी कर दिया गया है। जिसमें खिलाड़ी एक दूसरे के साथ घुलते-मिलते नजर आ रहे हैं।
BCCI ने जारी किया वीडियो
टीम इंडिया की इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए बीसीसीआई (BCCI) ने ट्वीट किया, ‘माननीय लिंडा डेसाऊ एसी, विक्टोरिया के गवर्नर (@VicGovernor) और अन्य आदरणीय व्यक्तियों ने आज टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय क्रिकेट टीम से मुलाकात की।’ टीम इंडिया की इस मुलाकात की वीडियो बीसीसीआई ने शेयर की है जिसमें कप्तान रोहित शर्मा विक्टोरिया की गवर्नर को टीम इंडिया की टी शर्ट गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं।
पाकिस्तान से होगी टीम इंडिया की भिड़ंत
टीम इंडिया रविवार 23 अक्टूबर 2022 को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में अपने टी 20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ खेलता नजर आएगा। इस मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर टिकी हुई है। इस बार टी20 वर्ल्ड कप में जीत की उम्मीद के साथ ही भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। टीम इंडिया के प्लेयर 15 साल बाद एक बार फिर भारतीय टीम की टी20 में विश्व विजेता बनाने का प्रयास करेंगे।
बता दें कि साल 2007 में पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद से टीम इंडिया का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इस बार भारतीय टीम पहले से अधिक मजबूत नजर आ रही है। भारत के पास कई बल्लेबाज अच्छी फॉर्म मे हैं। जिनमें केएल राहुल, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव शामिल हैं।
टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चोट से यकीनन भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है, हालांकि मोहम्मद शमी ने वॉर्म-अप मैच में शानदार गेंदबाजी की थी। अनुभवी तेज गेंदबाजों के साथ 23 वर्षीय युवा अर्शदीप सिंह पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
