Australian Open 2024, Sumit Nagal Victory: भारतीय खेल प्रेमियों के लिए ऑस्ट्रेलिया से एक बड़ी और अच्छी खबर आई है। मेलबर्न में चल रहे साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल ने पुरुष सिंगल्स वर्ग के पहले राउंड में पहली बार जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया है। उन्होंने कजाकिस्तान के एलेक्जेंडर बब्लिक को शिकस्त दी।
ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पहले राउंड के इस मैच में कजाकिस्तान के 25 वर्षीय एलेक्जेंडर बब्लिक जो दुनिया में 27वीं रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं, उनका सामना भारत के सुमित नागल से था। आंकड़ों के हिसाब से एलेक्जेंडर का पलड़ा भारी था लेकिन सुमित नागल ने शानदार खेल दिखाते हुए बड़े उलटफेर को अंजाम देकर सबको चौंका दिया।
सुमित ने कजाकिस्तान के धाकड़ खिलाड़ी एलेक्जेंडर को सीधे सेटों में 6-4, 6-2, 7-6 से मात देते हुए ऐसा कमाल किया कि सभी दंग रह गए। कोर्ट में सभी ने खड़े होकर सुमित नागल की हौसलाअफजाई की।
इसके साथ ही 1989 में रमेश कृष्णन को मिली जीत के बाद सुमित नागल पहले ऐसे भारतीय टेनिस खिलाड़ी बन गए जिसने ऑस्ट्रेलियन ओपन एकल वर्ग में वरीय विरोधी खिलाड़ी को मात दी।
