जोहोर बाहरू (मलेशिया): भारत ने शुक्रवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में मेजबान मलेशिया को 2-1 से हराकर सुल्तान ऑफ जोहर कप जूनियर हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। भारत के लिए गुरजोत सिंह (22वें मिनट) और सौरभ आनंद कुशवाहा (48वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। मलेशिया की ओर से एकमात्र गोल 43वें मिनट में नवनीश पैनिकर ने किया। भारत ने सुल्तान ऑफ जोहोर कप में 12वीं बार हिस्सा लेते हुए रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई है।
भारतीय टीम अब शनिवार को खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में एकलौती हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली है। गुरुवार को भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-4 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उसके लिए मलेशिया के खिलाफ मुकाबला अहम हो गया था। भारतीय टीम के खाते में 5 मैच में तीन जीत एक हार और एक ड्रॉ के साथ कुल दूसरे पायदान पर रहा। भारतीय टीम 10 अंक और 2 गोल अंतर के साथ दूसरे पायदान पर रहा। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 मैच में तीन जीत और 2 ड्रॉ के साथ पहले पायदान पर रही। ऑस्ट्रेलिया के खाते में 11 अंक हैं और गोल डिफरेंस 8 है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जोहर कप जूनियर हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को खेला जाएगा। वहीं तीसरे स्थान के लिए ग्रेट ब्रिटेन और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी। भारत तीन बार ये खिताब अपने नाम कर चुका है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम दो बार खिताब अपने नाम करने में सफल रही है। ग्रेट ब्रिटेन टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है। उसने चार बार खिताब जीता है।
(भाषा)
