स्पोर्ट्स

11 June 2023 सुर्खियां खेल की: ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा भारतीय टीम का सपना, मैनचेस्टर सिटी ने जीता चैंपियन्स लीग का खिताब

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Jun 11, 2023, 05:46 PM IST

11 June 2023 सुर्खियां खेल की: लंदन के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी। भारत को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से हराया। वहीं, रोड्री के गोल की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने इंटर मिलान को 1-0 से हराकर पहली बार चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता।

Image

विराट कोहली और जीत का जश्न मनाते हुए सिटी के खिलाड़ी। (फोटो- AP और मैनचेस्टर सिटी के ट्विटर से)

Photo : AP

11 June के खेल सुर्खियां की बात करें तो वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियन के खिताब जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया। भारतीय टीम के सपने को इस बार ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा है। लंदन के द ओवल पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हराया। डब्ल्यूटीसी के फाइनल में भारत की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले 2019-2021 सीजन में न्यूजीलैंड से हार झेलनी पड़ी थी। 444 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 234 रन पर ऑलआउट हो गई। विराट कोहली अर्धशतक से चूक गए, जबकि रवींद्र जडेजा खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं, रोड्री के गोल की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने इंटर मिलान को 1-0 से हराकर पहली बार चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता। स्पेन के रोड्री ने इस्तांबुल के अतातुर्क ओलिमपियाट स्टेडियम में मैच का एकमात्र गोल 68वें मिनट में किया और मैनचेस्टर सिटी को पहली बार यूरोपीय क्लब फुटबॉल का शीर्ष खिताब दिलाया। इसके अलावा, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों अश्मिता चालिहा और रवि ने माले में विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए मालदीव अंतरराष्ट्रीय चैलेंज में क्रमश: महिला और पुरुष एकल के खिताब जीते।

भारत को जीत के लिए दिखाना होगा दम

लंदन के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले के पांचवें दिन भारत की टीम जीत के करीब बढ़ रही है। टीम इंडियां को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के लिए 238 रन की जरूरत है। मैच के पांचवें दिन 164 रन और 3 विकेट से आगे दूसरी पारी को खेलना शुरू किया। टीम ने 55 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 206 रन बना लिए। अजिंक्य रहाणे अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वे 103 गेंदों पर 6 चौके की मदद से 41 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि केएस भरत 26 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 15 रन बनाकर खेल रहे हैं। विराट कोहली अर्धशतक से चूक गए। वे 49 रन पर आउट हो गए, जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

मैनचेस्टर सिटी ने इंटर मिलान को हराकर जीता पहला खिताब

रोड्री के गोल की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने इंटर मिलान को 1-0 से हराकर पहली बार चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता। स्पेन के रोड्री ने इस्तांबुल के अतातुर्क ओलिमपियाट स्टेडियम में मैच का एकमात्र गोल 68वें मिनट में किया और मैनचेस्टर सिटी को पहली बार यूरोपीय क्लब फुटबॉल का शीर्ष खिताब दिलाया। टीम के मैनेजर पेप गुआर्डियोला ने टीम की खिताबी जीत के बाद कहा, ‘यह किस्मत में लिखा था। यह हमारा है।’ अबु धाबी के शेख मंसूर बिन जायेद अल नाहयान ने 15 साल पहले सिटी को रातों रात दुनिया के सबसे अमीर क्लबों की श्रेणी में शामिल कर दिया था लेकिन इसके बावजूद टीम को चैंपियन्स लीग का खिताब जीतने में लंबा समय लग गया। गुआर्डियोला की टीम के लिए यह अंतिम मोर्चा था। टीम ने मौजूदा सत्र में प्रीमियर लीग और एफए कप के खिताब जीतने के बाद खिताबी हैट्रिक पूरी की। इस खिताबी जीत से गुआर्डियोला का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ कोच का दावा भी मजबूत हुआ है। यह उनका तीसरा चैंपियन्स लीग खिताब और 30वां बड़ा खिताब है। गुआर्डियोला ने दूसरी बार सत्र में खिताबी हैट्रिक पूरी की है। इससे पहले 2009 में वह बार्सीलोना के साथ ऐसा कर चुके हैं।

इस मॉडल पर बन सकती है सहमति

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह की अगुआई वाली एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के भारत की गैरमौजूदगी वाले चार एशिया कप मुकाबलों का आयोजन पाकिस्तान जबकि बाकी मुकाबलों का आयोजन श्रीलंका के गॉल और पाल्लेकल में कराने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के ‘हाइब्रिड मॉडल’ को स्वीकृति देने की संभावना है। एसीसी के इस संबंध में मंगलवार को औपचारिक घोषणा करने की उम्मीद है और हाइब्रिड मॉडल के आधिकारिक रूप से स्वीकृत होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अक्टूबर-नवंबर में भारत में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए आने का रास्ता भी साफ हो जाएगा। पाकिस्तान को अब अहमदाबाद में खेलने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

अश्मिता, रवि ने मालदीव अंतरराष्ट्रीय चैलेंज का जीता खिताब

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों अश्मिता चालिहा और रवि ने माले में विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए मालदीव अंतरराष्ट्रीय चैलेंज में क्रमश: महिला और पुरुष एकल के खिताब जीते। तीसरी वरीय अश्मिता ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए शनिवार को ऑल इंडियन महिला एकल फाइनल में हमवतन तस्नीम मीर को 19-21, 21-17, 21-11 से हराया। असम की खिलाड़ी का यह तीसरा बीडब्ल्यूएफ अंतरराष्ट्रीय चैलेंज खिताब है। उन्होंने इससे पहले टाटा ओपन इंडिया इंटरनेशनल और दुबई इंटरनेशनल का भी खिताब जीता है। पुरुष एकल में गैरवरीय रवि ने मलेशिया के सातवें वरीय सूंग जू वेन को सीधे गेम में 21-19, 21-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अश्विनी भट और शिखा गौतम की शीर्ष वरीय भारतीय महिला युगल जोड़ी को हालांकि लक्षिका कनलाहा और फटाइमास मुएनवोंग की थाईलैंड की जोड़ी के खिलाफ 22-24,15-21 की हार से उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा।

अदिति अशोक ने एलपीजीए में कट हासिल किया

भारतीय गोल्फर अदिति अशोक ने दूसरे दौर में तीन ओवर 74 के स्कोर के साथ यहां शॉपराइट एलपीजीए क्लासिक में कट हासिल किया। अदिति हालांकि संयुक्त 61वें स्थान पर चल रही हैं। पहले दौर में दो अंडर 69 का स्कोर बनाने वाली अदिति का कुल स्कोर एक ओवर है। अदिति ने दूसरे दौर में दो बर्डी की लेकिन वह पांच बोगी भी कर गईं जिससे उनका स्कोर तीन ओवर रहा। डेनी होमक्विस्ट पहले दौर में 64 के स्कोर के बाद दूसरे दौर में 67 के स्कोर के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं।

आस्था ने फ्रांस एलईटी एक्सेस सीरीज के कट में बनाई जगह

भारत की आस्था मदान दूसरे दौर में निराशाजनक तीन ओवर 75 के स्कोर के बाद भी यूरोप में लेडीज एक्सेस टूर पर मोंटौबन लेडीज ओपन में कट में जगह बनाने में सफल रहीं। आस्था पहले दौर में इवन पार स्कोर के बाद संयुक्त 23वें स्थान पर थी लेकिन दूसरे दौर के बाद वह फिसलकर संयुक्त 34वें स्थान पर पहुंच गई। उन्होंने दूसरे दौर में छह बोगी और तीन बर्डी लगाए।

जोकोविच की नजर 23वें ग्रैंड स्लैम खिताब पर

दुनिया के पूर्व नंबर-1 सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की नजर 23वें ग्रैंड स्लैम टाइटल पर है। 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन नोवाक जोकोविच का रविवार को होने वाले खिलाड़ी मुकाबले में नॉर्वे के कैस्पर रूड से सामना होगा। टेनिस ग्रैंड स्लैम में लंबे समय तक रोजर फेडरर और राफेल नडाल के साथ नोवाक जोकोविच की बादशाहत रही है। जोकोविच के नाम 22 ग्रैंड स्लैम है और वह सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब के मामले में नडाल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। अब खिताबी मुकाबले में दुनिया के पूर्व नंबर-1 नोवाक जोकोविच का कैस्पर रूड से सामना होगा। जोकोविच और कैस्पर रूड चार बार आमने-सामने हो चुके हैं, लेकिन जोकोविच कभी नहीं हारे हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article