स्पोर्ट्स

20 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: लखनऊ की नजर प्लेऑफ पर, ओजस और ज्योति सुरेखा ने तीरंदाजी वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 20, 2023, 05:32 PM IST

20 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के 68वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलकाता के खिलाफ आज लखनऊ जीत हासिल करती है तो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।

Image

लखनऊ सुपर जायंट्स, ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेनम। (फोटो- IPL/BCCI और Sai Twitter)

Photo : Twitter

20 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें आईपीएल के 16वें सीजन के लीग का आखिरी राउंड चल रहा है। शनिवार को एक और डबल हेडर मुकाबला खेला गया। पहला मुकाबला दिल्ली में दिल्ली और चेन्नई के बीच खेला गया, जबकि दूसरा मुकाबला कोलकाता और लखनऊ के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला कोलकाता से ज्यादा लखनऊ के लिए महत्वपूर्ण होगा। वहीं, ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेनम की भारत की मिश्रित टीम जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया टीम को हराकर तीरंदाजी वर्ल्ड कप में लगातार अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और हॉकी ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन हो गया है।

केकेआर का आज होगा लखनऊ से सामना

आईपीएल के 68वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दोनों टीमों का यह मुकाबला लीग का आखिरी मुकाबला है। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम है, लेकिन लखनऊ जीत हासिल करती है तो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। लखनऊ की टीम 13 मैचों में 15 अंक के साथ पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर है, जबकि कोलकाता की टीम 13 मैचों में 12 अंक के साथ सातवें नंबर पर है।

ओजस और ज्योति ने कोरिया की टीम को हराया

ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेनम की भारत की मिश्रित टीम जोड़ी ने अपना करिश्माई प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को यहां कोरिया के मजबूत टीम को हराकर तीरंदाजी विश्वकप में लगातार अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता। भारत के इस जोड़ी ने अंताल्या में विश्व कप के पहले चरण में भी गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने दूसरे चरण में भी अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा और कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को 156-155 से पराजित किया।

पाक हॉकी कोच ने छोड़ा पद

पाकिस्तान के हॉकी कोच सिगफ्रीड एकमैन ने पिछले 12 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। एकमैन ने पिछले साल पाकिस्तान की हॉकी टीम का कोच पद संभाला था। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मुख्य कोच पद छोड़ने की घोषणा की। नीदरलैंड्स के रहने वाले एकमैन पिछले साल के आखिर में वेतन विवाद के कारण स्वदेश लौट गए थे, लेकिन उन्होंने बकाया वेतन नहीं मिलने के कारण पद नहीं छोड़ा था। कोई समाधान नहीं होने के कारण उन्होंने आखिर में इस्तीफा दे दिया। एकमैन ने जिस समय पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) को अपना इस्तीफा भेजा, उसी समय नीदरलैंड के रहने वाले अन्य कोच रोलेंट ओल्टमैंस पाकिस्तान पहुंचे। वह रविवार को राष्ट्रीय जूनियर टीम के साथ मस्कट के लिए रवाना होंग, जहां पाकिस्तान की टीम एशिया जूनियर कप में भाग लेगी।

ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और हॉकी ओलंपियन ब्रायन बूथ का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। बूथ ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 29 टेस्ट मैच खेले जिनमें से दो मैचों में वह कप्तान भी रहे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में पांच शतक लगाए। वह 1960 के दशक के शुरुआती वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 42.21 की औसत से 1773 रन बनाए।

साई के कोच के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सोललगांव स्थित प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने केंद्र के प्रभारी और तैराकी कोच मृणाल बासुमतारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। साई की विज्ञप्ति के अनुसार शिकायत दर्ज करने वाली अधिकतर खिलाड़ी नाबालिग लड़कियां हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को पलटन बाजार स्थित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। साई ने विज्ञप्ति में कहा, ‘ साई यौन उत्पीड़न के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति पर चलता है और इस मामले में भी उसी का पालन किया जाएगा ताकि हमारे खिलाड़ियों को न्याय मिल सके।’

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article