स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने जापान में अगले महीने शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए शनिवार को 492 एथलीटों के भारतीय दल को मंजूरी दी। इस सूची में एथलेटिक्स से सबसे ज्यादा 73 नाम शामिल हैं।
इस दल में 265 मेंस और 227 महिला एथलीट शामिल हैं। हालांकि, मंत्रालय ने अभी तक उस सपोर्ट स्टाफ की सूची जारी नहीं की है जो आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इस बड़े आयोजन के लिए दल के साथ जाएगा।
एक सूत्र के हवाले से PTI ने लिखा, सपोर्ट स्टाफ की सूची एक हफ्ते या उससे भी पहले आ जाएगी। इसे फिर से देखा जा रहा है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि सभी भाग लेने वाली टीमों के लिए फिजियो और मेडिकल स्टाफ जैसे स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट्स की संतुलित मौजूदगी हो। एथलीटों की सूची लगभग वैसी ही है जैसी IOA (भारतीय ओलंपिक संघ) ने सुझाई थी। डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण कुछ नाम हटा दिए गए हैं (जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है), लेकिन कुछ और नाम जोड़े जा सकते हैं, जिसके लिए हम ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) से मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
एथलेटिक्स में 38 महिलाएं
एथलेटिक्स ग्रुप में 35 मेंस और 38 महिलाएं शामिल हैं। इसमें दो बार ओलंपिक मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा, लॉन्ग जम्पर मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलीट तेजस्विन शंकर और 100 मीटर हर्डलर ज्योति याराजी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। शूटिंग टीम की अगुआई दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट और बेहतरीन पिस्टल शूटर मनु भाकर कर रही हैं। उनके साथ सुरुचि सिंह (पिस्टल), एलावेनिल वलारिवन (राइफल) और ईशा सिंह (पिस्टल) जैसे अच्छे फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। यह 30 लोगों की टीम है, जिसमें 15 मेंस और 15 महिलाएं हैं।
सितारों का रहेगा जमावड़ा
वेटलिफ्टिंग टीम में मीराबाई चानू (49kg) और ज्ञानेश्वरी देवी (53kg) जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर पहचान बनाई थी। हालांकि, कुछ चुने हुए खिलाड़ियों के डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण टीम का आकार घटाकर पांच खिलाड़ियों का कर दिया गया। कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले ऋषिकंत सिंह (60kg) इस टीम में अकेले मेंस सदस्य हैं।
20 सदस्यों वाली बैडमिंटन टीम में पीवी सिंधु, आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे जाने-माने खिलाड़ी भी शामिल हैं। टीम में गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली की महिला डबल्स जोड़ी के साथ-साथ सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी शामिल हैं। ट्रीसा और गायत्री ने इस हफ्ते वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता है।
बॉक्सर लगाएंगे मेडल पर पंच
बॉक्सिंग ग्रुप में 11 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले तीन खिलाड़ी- लवलीना बोरगोहेन (75kg), नरेंद्र बेरवाल (+90kg) और जदुमणि सिंह (55kg) शामिल हैं। ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के लिए 15 खिलाड़ियों को मंजूरी दी गई है, जो सभी मेंस हैं, जबकि आइची-नागोया में होने वाले गेम्स के लिए 22 रोवर्स (नौकायन खिलाड़ी) भी जाएंगे।
कबड्डी टीम गोल्ड का बचाव करने उतरेगी
रग्बी प्रतियोगिता के लिए भारत सिर्फ महिला टीम उतारेगा, जिसमें 13 सदस्य होंगे। वॉलीबॉल इवेंट में देश का प्रतिनिधित्व सिर्फ 12 सदस्यों वाली मेंस टीम करेगी। सेपक टकरा के लिए 21 खिलाड़ियों को मंजूरी दी गई है। मंजूर की गई लिस्ट में मेंस और महिला क्रिकेट टीमों के 30 खिलाड़ी शामिल हैं। पूरी क्षमता वाली कबड्डी टीमें (12 मेंस और 12 महिला) गेम्स के पिछले संस्करण में जीते गए दो गोल्ड मेडल का बचाव करने के लिए उतरेंगी।
16 पहलवान लेंगे हिस्सा
सात खिलाड़ियों वाली टेनिस टीम में सुमित नागल अकेले सिंगल्स खिलाड़ी हैं। गेम्स में देश के लिए 16 पहलवान मुकाबला करेंगे, जिनमें वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली अंतिम पंघाल (53kg) और ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले अमन सहरावत (57kg) शामिल हैं।
