स्पोर्ट्स

SAFF Championship 2023: पेनल्टी शूटआउट में लेबनान को पटखनी देकर फाइनल में पहुंचा भारत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 1, 2023, 10:33 PM IST

सुनील छेत्री की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शनिवार को लेबनान को कड़े सेमीफाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में 4-2 के अंतर से मात देकर सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। फुल टाइम और एक्स्ट्रा टाइम में मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा।

Image

भारत बनाम लेबनान(साभार Indian Football Team)

Photo : Twitter

बेंगलुरू: आठ बार की खिताब विजेता भारतीय टीम ने शनिवार को सैफ चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूट आउट में लेबनान को 4-2 के अंतर े मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमें फुल टाइम और एक्स्ट्रा टाइम में कोई गोल नहीं कर सकीं ऐसे में फाइनल में एंट्री का फैसला पेनल्टी शूट आउट से हुआ। जिसमें भारत ने बाजी मारकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

खाली नहीं गया भारत का कोई प्रयास

पेनल्टी शूट आउट में भारत के लिए शुरुआत कप्तान सुनील छेत्री ने की। छेत्री ने गोल करके भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने लेबनान के खिलाड़ी माटौक के प्रयास को रोक दिया और 1-0 से भारत को आगे रखने में सफल रहे। इसके बाद भारत के लिए स्ट्राइक लेने आए अनवर अली नें भी निराश नहीं किया और उन्होंने गोल करके भारत को 2-0 से आगे कर दिया। लेबनान के खिलाड़ी ने दूसरे प्रयास को गोल में तब्दील किया और स्कोर 2-1 हो गया।

लेबनान ने गंवाए दो मौके

भारतीय टीम के लिए तीसरा गोल महेश ने किया। महेश ने गेंद को गोल पोस्ट के अंदर डाल कर भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद लेबनान ने भी गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद भारत के लिए उदांत ने एक और गोल करके 4-2 से आगे कर दिया। चौथे प्रयास में लेबनान का खिलाड़ी गोल करने से चूक गया और भारत पेनल्टी शूट आउट में 4-2 के अंतर से जीत के साथ फाइनल में पहुंच गई।

फुल टाइम और एक्स्ट्रा टाईम में नहीं हुआ कोई गोल

भारत और लेबनान के बीच खेले गए सैफ चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के फर्स्ट हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और 0-0 के स्कोर के साथ पहले हाफ का अंत रहा।दोनों टीमों के बीच सेकेंड हाफ में भी कांटे की टक्कर देखने को मिला। सेकेंड हाफ में भी दोनों टीमें एक दूसरे के गोल पोस्ट को भेदने में नाकाम रहीं। ऐसे में मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में चला गया। एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ यानी शुरुआती 15 मिनट में भी दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। एक्स्ट्रा टाइम से पहले 15 मिनट में कप्तान सुनील छेत्री ने गोल करने की पुरजोर कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। भारतीय टीम ने एक्स्ट्रा टाइम में लेबनान के गोल पोस्ट को भेदने की अपनी ओर से पूरी कोशिश की लेकिन उनके मजूबत डिफेंस ने भारतीय खिलाड़ियों को ऐसा नहीं करने दिया।

भारतीय टीम के नियंत्रण में रही गेंद, गोल करने में रही नाकाम

मैच में भारतीय टीम का नियंत्रण रहा लेकिन भारतीय टीम अपनी कोशिशों को गोल में तब्दील करने में नाकाम रही। मैच में 61 प्रतिशत समय तक गेंद भारतीय खिलाड़ियों के पास रही।6 बार उन्होंने गेंद को गोल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। वहीं लेबनान 3 बार गेंद को टारगेट पर रख सकी। लेकिन एक दूसरे के गोल पोस्ट को दोनों टीमें नहीं भेद पाईं।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article