स्पोर्ट्स

BWF World Championship 2025: विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधू और ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की जोड़ी

पूर्व वर्ल्ड चैंपियन पीवी सिंधू ने पेरिस में आयोजित बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। वहीं ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की जोड़ी भी महिला युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

Image

पीवी सिंधू (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

पेरिस: भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने एक बार फिर अंतिम क्षण में मिली बढ़त की बदौलत बुधवार को मलेशिया की लेत्शाना करुपाथेवन को हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के महिला एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू ने पहले गेम में 12-18 से पिछड़ने के बावजूद वापसी करते हुए दुनिया की 40वें नंबर की खिलाड़ी लेत्शाना को 42 मिनट में 21-19, 21-15 से शिकस्त दी।

पहले दौर के मैच में हुई सिंधू को थोड़ी परेशानी

सिंधू मंगलवार को पहले दौर के मैच में बुल्गारिया की कालोयाना नलबांटोवा के खिलाफ कुछ मुश्किलों से जूझ रही थीं। और लेत्शाना के खिलाफ भी उन्हें लय हासिल करने में दिक्कत हुई। वह शुरू में मलेशियाई खिलाड़ी को दबाव में नहीं ला सकीं और पिछड़ती रहीं। पर अंत में वापसी करने में सफल रहीं। लेत्शाना आक्रामक शुरुआत की जिससे सिंधू 1-4 से पीछे हो गईं। मलेशियाई खिलाड़ी ने दबदबा कायम रखते हुए अपने ‘डाउन-द-लाइन स्मैश’ और तेज ‘नेट प्ले’ से ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली।

आखिरी वक्त में सिंधू ने की शानदार वापसी

तकनीकी और शारीरिक रूप से मजबूत लेत्शाना के आक्रामक खेल ने सिंधू की अनिरंतरता को उजागर कर दिया। भारतीय खिलाड़ी पिछड़ती रहीं। मलेशिया की खिलाड़ी 18-12 के स्कोर पर नियंत्रण बनाए थीं। पर यहीं सिंधू ने वापसी की। उन्होंने लगातार छह अंक बनाकर स्कोर 18-18 से बराबर कर दिया जिसमें लेत्शाना की एक गलती का भी उन्हें फायदा मिला। मलेशियाई खिलाड़ी दबाव में एक स्मैश वाइड कर बैठीं। फिर सिंधू ने 19-19 के स्कोर पर संयम बनाए रखा और एक बेहतरीन स्मैश लगाकर ‘गेम प्वाइंट’ हासिल किया। मैच में पहली बार सिंधू आगे निकलीं।

सात मैच प्वाइंट हासिल करके जीता मैच

भारतीय खिलाड़ी ने बैकलाइन पर लेत्शाना की कमजोर प्रतिक्रिया से अंक हासिल किया। उन्होंने फिर प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी के एक और शॉट को लंबा भेजने से गेम अपने नाम कर लिया। सिंधू ने फिर दूसरे गेम में भी यही लय जारी रखते हुए 5-1 से बढ़त हासिल कर ली। मलेशियाई खिलाड़ी को अपनी गति बनाए रखने में मुश्किल हो रही थी जिससे सिंधू 7-3 के बाद 9-5 से आगे हो गईं। हालांकि बैकलाइन पर सिंधू कुछ गलतियां भी कर बैठीं। पर एक नेट कॉर्ड विनर से वह 10-6 से आगे हो लीं। इसके बाद सिंधू पूरी तरह से नियंत्रण में दिख रही थीं। उनके स्मैश में विविधता से मलेशियाई खिलाड़ी परेशान हो गईं। पर भारतीय खिलाड़ी ने सात मैच प्वाइंट हासिल कर लिए और फिर मलेशियाई खिलाड़ी के गलत फोरहैंड से मैच जीत लिया।

ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की हुई प्री क्वार्टर फाइनल में एंट्री

इससे पहले ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने आयरलैंड के जोशुआ मैगी और मोया रयान की जोड़ी को महज 35 मिनट में 21-11, 21-16 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए इस 16वीं वरीय भारतीय जोड़ी का सामना हांगकांग के तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट की पांचवीं वरीय जोड़ी से होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!