स्पोर्ट्स

पेरिस पैरालंपिक 2024: लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतने के बाद अवनि लखेरा ने पढ़े पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे

पैरालंपिक खेलों में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली पैरा निशानेबाद अवनि लखेरा ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। जानिए उन्होंने पीएम मोदी के बारे में क्या कहा?

Image

अवनि लखेरा और पीएम नरेंद्र मोदी

KEY HIGHLIGHTS
  • पीएम नरेंद्र मोदी ने दी गोल्ड जीतने के बाद अवनि को बधाई
  • अवनि ने पीएम मोदी की खुलकर की तारीफ
  • कहा-हमेशा उत्साह बढ़ाते हैं पीएम मोदी

पेरिस: पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत की स्टार निशानेबाज अवनि लेखरा ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने महिलाओं की स्टैंडिंग 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा एसएच-1 में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। यह पैरालंपिक गेम्स में उनका तीसरा मेडल और दूसरा गोल्ड था। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय पैरा एथलीट हैं। अवनि ने खिलाड़ियों का जज्बा बढ़ाने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की।

पीएम ने जीवन के व्यक्तिगत अनुभव पर की बात

अविन ने मेडल जीतने के बाद कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी एथलीट को फोन पर बधाई देते आए हैं। टोक्यो 2020 में जब मैंने पैरालंपिक में मेडल जीता था तब भी मेरी उनसे बात हुई थी। उन्होंने मुझ पर बहुत गर्व किया और भूतकाल में मेरे साथ हुए एक्सीडेंट पर भी बात की। उन्होंने बताया कि मेरी यात्रा में मेरे माता-पिता का कितना बड़ा रोल रहा है। वह बहुत यादगार चीज थी।"

पीएम हमेशा बढ़ाते हैं उत्साह

उन्होंने आगे कहा, "जब हम टोक्यो पैरालंपिक के लिए कैम्प में थे तब भी पीएम मोदी सभी एथलीटों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा था, 'हार-जीत से ज्यादा अहम है कि आप जहां जा रहे हैं वहां खुलकर खेलें। आपमें डर और किसी चीज के लिए अपेक्षा नहीं होनी चाहिए।' यह मेरे और बाकी एथलीट के लिए बहुत अहम संदेश रहा। जब हम वापस आए तब पीएम मोदी ने सभी एथलीट को आमंत्रित किया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। इससे उन खिलाड़ियों को बहुत हौसला मिला जो किसी वजह से मेडल नहीं जीत पाए थे। उन्होंने कहा था, 'इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप जीतें या हारें। आपको एक अनुभव मिला जो आगे काम आएगा।"

पीएम मोदी ने दी अवनि को बधाई

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अवनि लेखरा को पेरिस पैरालंपिक में उनकी ताजा उपलब्धि पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा था, ''भारत ने पैरालंपिक 2024 में अपना पदक खाता खोला! आर 2 महिला 10 मीटर एयर राइफल एसएच 1 इवेंट में स्वर्ण जीतने के लिए अवनि लेखरा को बधाई। उन्होंने इतिहास भी रच दिया है क्योंकि वह 3 पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट हैं। उनका समर्पण भारत को गौरवान्वित करता है।"

अवनि ने पेरिस में बेहतर किया टोक्यो का रिकॉर्ड

ज्ञात हो कि, फाइनल में, अवनि ने टोक्यो खेलों में बनाए गए अपने पिछले रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए आठ खिलाड़ियों की स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस कैटेगरी में उन्होंने 249.7 अंकों के साथ नया पैरालंपिक रिकॉर्ड बनाया। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन टोक्यो पैरालंपिक में 249.6 था। अवनि लेखरा टोक्यो 2020 पैरालंपिक के एकल संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में एसएच1 श्रेणी में 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण और 50 मीटर राइफल थ्री-पोजीशन में कांस्य पदक जीता था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article