स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024, Neeraj Chopra: फाइनल के लिए क्वालीफाइ करने के बाद नीरज चोपड़ा का आया बयान, जानिए क्या बोले

Paris Olympics 2024, Neeraj Chopra: ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पेरिस ओलंपिक में जैवलिन थ्रो इवेंट के क्वालीफाइंग राउंड के पहले ही प्रयास में नीरज ने 89.34 मीटर का थ्रो किया और फाइनल का टिकट कटा लिया। फाइनल के लिए क्वालीफाइ करने के बाद नीरज का पहला बयान सामने आया है।

Image

नीरज चोपड़ा। (फोटो- Neeraj Chopra X)

Photo : Twitter

Paris Olympics 2024, Neeraj Chopra: मौजूदा चैम्पियन भारत के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक में इस सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ फाइनल में क्वालीफाई करने के बाद कहा कि वह अपने पहले प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करते हैं। चोपड़ा ने ग्रुप बी क्वालीफिकेशन में अपने पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो किया जो उनके करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था।

उन्होंने इस प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत को संक्षिप्त रखने की गुजारिश करते हुए कहा, ‘‘मैं पहले प्रयास में अच्छा करने की कोशिश करता हूं लेकिन यह हमेशा कारगर नहीं होता।’ उन्होंने कहा, ‘हम इस बातचीत (मीडिया से) को जितनी जल्दी खत्म करेंगे मुझे विश्राम करने का उतना अधिक समय मिलेगा।’ चोपड़ा ने कहा, ‘ऐसा पहले भी हुआ है जब मेरा शुरुआती थ्रो अच्छा नहीं रहा है लेकिन मैं पहले प्रयास में बेहतर करने की कोशिश करता हूं।’ चोपड़ा के प्रदर्शन ने उनकी चोट को लेकर चिंताओं को भी दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि वह गुरुवार को फाइनल के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मैं अब बेहतर हूं। मैं फाइनल पर ध्यान केंद्रित करूंगा। मैं इसे ध्यान में रखने और ठीक से अभ्यास करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं अब बेहतर महसूस कर रहा हूं। मैं फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।’चोपड़ा ने स्वीकार किया कि फाइनल में चुनौती पूरी तरह से अलग होगी। उन्होंने कहा, ‘फाइनल में हर किसी की मानसिकता अलग होती है। हमें इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि हमने अच्छी शुरुआत की है और हम फाइनल के लिए जितना बेहतर तैयार होंगे, उतना बेहतर होगा।’

उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत आश्वस्त हूं और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हूं। मैं फाइनल के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ बचाने की कोशिश कर रहा हूं। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं और बेहतर तैयारी के साथ आने की कोशिश करूंगा।’ यह पूछे जाने पर कि क्वालीफिकेशन दौर से पहले और बाद में उन्हें कैसा महसूस हुआ, उन्होंने कहा, ‘‘थ्रो से पहले मैंने सोचा था कि अगर मैं इसे पहले प्रयास में कर लेता हूं तो यह बहुत अच्छा होगा। इससे मुझे अभ्यास और आराम करने का अतिरिक्त समय मिल जायेगा। थ्रो के बाद मुझे बहुत अच्छा लगा कि मैं फाइनल के लिए तैयार हूं।’

क्वालीफिकेशन का आयोजन दिन में हुआ था जबकि फाइनल का आयोजन शाम को होगा और उस समय मौसम दिन के मुकाबले ठंडा होगा। चोपड़ा ने कहा, ‘‘यह थोड़ा ठंडा होने वाला है और निश्चित रूप से फाइनल के लिए मानसिकता अलग होगी। यह एक अच्छी और कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।’’ फाइनल में सबसे कड़े प्रतिद्वंद्वी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ जिस ने भी स्वत: क्वालीफाई किया है वह कड़ी चुनौती पेश करेगा।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article