Paris Olympics 2024, Indian Shooter Manu Bhaker Break Big Records: भारत के 140 करोड़ लोगों की नजर आज एक बार फिर पेरिस ओलंपिक पर टिकी रहेगी। मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में हिस्सा लेंगी। अगर वह निशाना लगाने में सफल होती हैं तो पेरिस ओलंपिक में भारत की झोली में एक और मेडल आ जाएगा। इसके साथ ही युवा शूटर मनु भाकर इतिहास रच देंगी। आज के इवेंट में अगर मनु एक और मेडल जीत लेती हैं तो वह एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बन जाएंगी। यह रिकॉर्ड अभी तक नॉर्मन प्रिचर्ड के नाम है। इन्होंने 1900 ओलंपिक में एथलेटिक्स में दो सिल्वर मेडल जीते थे। उस समय भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था।
मनु ने रच दिया इतिहास
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में पहला मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में 221.7 स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसकेजीत के साथ ही पेरिस ओलंपिक में भारत का मेडल का खाता खुला था। इसके साथ ही वे शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई थीं।
सुशील और सिंधु के नाम दो-दो मेडल
ओलंपिक में रेसलर सुशील कुमार और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु के नाम दो अलग-अलग ओलंपिक में मेडल हैं। सुशील ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल और 2012 लंदन ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। इसी तरह पीवी सिंधु ने रियो ओलंपिक 2016 में सिल्वर मेडल जीता था और टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
फाइनल के लिए किया क्वालीफाई
मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने पेरिस ओलंपिक में सोमवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के क्वालीफाइंग राउंड में हिस्सा लिया। उन्होंने कुल 580 पॉइंट हासिल किए और फाइनल लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहे। उन्होंने मंगलवार को होने वाले ब्रॉन्ज मेडल के लिए क्वालीफाई किया। मनु और सरबजोत का मुकाबला दोपहर एक बजे शुरू होगा।
